भोपाल ब्यूरो। नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई में केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) की मध्यप्रदेश इकाई ने 10,842 किलोग्राम से अधिक जब्त नशीले पदार्थों को नष्ट किया है। यह कार्रवाई मप्र के खोर में एनडीपीएस एक्ट, 1985 के प्रावधानों के तहत अधिकृत निस्तारण प्रक्रिया से की गई।
वित्त मंत्रालय के मुताबिक नशीले पदार्थों का निस्तारण ड्रग डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में और मप्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के प्रतिनिधि की मौजूदगी में किया गया। पर्यावरण के अनुकूल तरीके से इस खेप को नष्ट किया गया ताकि जब्त प्रतिबंधित पदार्थ दोबारा अवैध तस्करी नेटवर्क में न पहुंच सके।
नीमच में जमा की गई 154 किलो अफीम
निस्तारण प्रक्रिया के तहत 154 किलोग्राम से अधिक जब्त अफीम को नीमच स्थित सरकारी अफीम एवं एल्कलॉइड वर्क्स में जमा किया गया। मंत्रालय ने कहा कि जब्त नशीले पदार्थों का निस्तारण तय प्रावधानों और प्रक्रिया के अनुसार ही किया जाता है।
बाइक से 4 किलो अफीम जब्त, एक गिरफ्तार
इसी दौरान ब्यूरो की मप्र इकाई ने विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर कांजरदा-मनासा रोड पर एक मोटरसाइकिल से दो पैकेटों में रखी 4 किलोग्राम से अधिक अफीम जब्त की और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया।
गौरतलब है कि CBN की जयपुर इकाई ने भी विदेशी डाकघर में थाईलैंड से आए अंतरराष्ट्रीय पार्सल से 1.080 किलो हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त किया है, जो केक के 29 पाउचों में छिपाकर लाया गया था।
