नई दिल्ली ब्यूरो। केंद्र सरकार ने लद्दाख केंद्र शासित प्रदेश की 28 भौगोलिक जगहों और आकृतियों को आधिकारिक नाम दे दिए हैं। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने लद्दाख प्रशासन के परामर्श से इन नामों को मानकीकृत किया है। अब ये नाम भारतीय सर्वेक्षण विभाग (Survey of India) के आधिकारिक नक्शे में दर्ज होंगे।
पीआईबी की ओर से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक इन 28 में चोटियां, पर्वत, दर्रे, हिमनद, घाटियां, नदियां, झीलें, जलाशय और भूभाग शामिल हैं। सरकार का कहना है कि इससे इन स्थानों की सटीक पहचान होगी और इनके भौगोलिक महत्व को लेकर जागरूकता बढ़ेगी।
किन्हें मिले नाम
सूची में अतिशा गिरि, कनिष्क पीक, मार्तंड गिरि, जोरावर पीक, रिनचेन जांगपो, साक्यश्री गिरि, मारपा लोत्सावा री, मिलारेपा कांगड़ी, शिवा री और महेश्वर री जैसी चोटियां शामिल हैं। करुण पीर, द्रक करपो और जोलमोरी को पर्वत के रूप में दर्ज किया गया है।
चपचिंगल दर्रा और शचमिर्क दर्रा दो पर्वतीय दर्रे हैं, जबकि परपिक और स्कामरी हिमनद के रूप में चिह्नित हुए हैं। शकोर्गा घाटी को औपचारिक रूप से घाटी के तौर पर दर्ज किया गया है।
