Headlines

दिल्ली में पीएम मोदी से मिले सीएम मोहन यादव, इन्वेस्टर्स समिट 2027 का दिया निमंत्रण

सौजन्य: जनसंपर्क मप्र

नई दिल्ली ब्यूरो। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। 7, लोक कल्याण मार्ग स्थित प्रधानमंत्री आवास पर हुई यह मुलाकात करीब आधे घंटे चली।

मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को मध्यप्रदेश में चल रही जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति और स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रदेशभर में चल रहे कल्याण कार्यक्रमों और इनके जरिए आम जनता तक पहुंच रही सेवाओं का ब्योरा भी दिया।

इन्वेस्टर्स समिट 2027 का निमंत्रण

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी को ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2027 के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने प्रदेश में निवेश, औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री से मध्यप्रदेश से जुड़े विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन भी मांगा।

किसान कल्याण वर्ष की जानकारी

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को किसान कल्याण वर्ष 2026 के दौरान किसानों के हित में लिए गए निर्णयों, बलराम कृषि महोत्सव, संदीपनि विद्यालयों की उपलब्धियों और सुगम परिवहन योजना की प्रगति से भी अवगत कराया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और नेतृत्व में मध्यप्रदेश विकास की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।

जल शक्ति मंत्री से भी मिले

इससे पहले मुख्यमंत्री ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल से भी मुलाकात की। इसमें प्रदेश में जल जीवन मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन और विकास परियोजनाओं के तेजी से क्रियान्वयन पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने जल जीवन मिशन-2.0 के तहत राज्य के आवंटन में वृद्धि का अनुरोध भी किया। इस दौरान लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उइके भी साथ थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

दैनिक संपूर्ण प्रदेश — आपका अपना अख़बार