इंदौर ब्यूरो। शहर में शांति व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी शिवम वर्मा ने शहर के 29 महत्वपूर्ण स्थलों को शांत परिक्षेत्र घोषित करने का आदेश जारी किया है।
शांत परिक्षेत्र में शहर के प्रमुख सरकारी और निजी अस्पतालों के साथ-साथ शैक्षणिक संस्थान और अन्य संवेदनशील स्थल शामिल किए गए हैं। प्रशासन का मकसद इन स्थानों के आसपास शांतिपूर्ण और अनुशासित माहौल बनाए रखना है।
ये अस्पताल बने शांत परिक्षेत्र
सूची में एमवाय अस्पताल, जिला अस्पताल धार रोड, बॉम्बे हॉस्पिटल विजय नगर, कन्वेनिएंट हॉस्पिटल (सीएचएल) एमआईजी, भंडारी हॉस्पिटल विजय नगर, अरविंदो हॉस्पिटल सांवेर रोड और मानसिक चिकित्सालय बाणगंगा शामिल हैं।
इसके अलावा चोईथराम अस्पताल, गोकुलदास अस्पताल, चाचा नेहरू एवं डेंटल अस्पताल, यूनिक सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल दशहरा मैदान, बीसीएम कोकिलाबेन हॉस्पिटल निपानिया, कर्मचारी राज्य बीमा निगम अस्पताल नंदानगर, एमटीएच हॉस्पिटल कोठारी मार्केट के पास और अपोलो राजश्री हॉस्पिटल विजय नगर को भी शांत परिक्षेत्र का दर्जा दिया गया है।
स्कूल-कॉलेज भी दायरे में
प्रशासन ने कई शैक्षणिक संस्थानों को भी शांत परिक्षेत्र में रखा है। इनमें जीजामाता गर्ल्स कॉलेज मोती तबेला, गोविंदराम सक्सेरिया इंजीनियरिंग कॉलेज, होल्कर साइंस कॉलेज, सत्य साईं स्कूल विजय नगर, न्यू गर्ल्स डिग्री कॉलेज किला मैदान, गुजराती कॉलेज और क्रिश्चियन कॉलेज शामिल हैं।
खंडवा रोड पर भंवरकुआं से आईटी पार्क चौराहा स्थित यूनिवर्सिटी कैंपस को भी इस सूची में जगह मिली है।
तिलक नगर के संस्थान भी शामिल
विशेष जुपिटर हॉस्पिटल तीन इमली, सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल ढक्कनवाला कुआं, मेडिकेयर हॉस्पिटल तिलक नगर के पास और भगवती नर्सिंग होम तिलक नगर के पास भी शांत परिक्षेत्र घोषित किए गए हैं।
साथ ही तिलक नगर पब्लिक स्कूल, कृष्णा पब्लिक स्कूल और सरस्वती शिशु मंदिर तिलक नगर को भी इस दायरे में लाया गया है।
जिला प्रशासन के मुताबिक, शहर के कुल 29 संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थलों के आसपास शांति, सुरक्षा और अनुशासन का माहौल कायम रखने के लिए यह फैसला लिया गया है। शांत परिक्षेत्र में शोर-शराबा करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
(फोटो: सौजन्य स्मार्ट सिटी इंदौर)
