Headlines

कल से हवाई सफ़र ‘महंगा’! इंडिगो का ‘झटका’ — घरेलू टिकट पर ₹1,300 तक सरचार्ज, यूरोप का ₹10,000

इंडिगो का एयरबस A320 विमान

नई दिल्ली ब्यूरो। हवाई यात्रा की योजना बना रहे हैं तो जेब थोड़ी और ढीली करनी पड़ सकती है। देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने सोमवार (5 अक्टूबर) को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर ईंधन सरचार्ज (फ्यूल सरचार्ज) बढ़ाने का ऐलान कर दिया है। नई दरें 6 अक्टूबर से लागू होंगी, जिससे हवाई किराया और महंगा हो जाएगा।

इंडिगो के बयान के अनुसार, यह बढ़ोतरी दूरी के हिसाब से टिकट पर ₹100 से ₹350 तक की होगी। यह अप्रैल के बाद से सरचार्ज में दूसरी बढ़ोतरी है — फ्यूल सरचार्ज इस साल मार्च में ही शुरू किया गया था। इंडिगो रोजाना 2,200 से ज्यादा उड़ानें संचालित करती है, ऐसे में यह फैसला करोड़ों यात्रियों को प्रभावित करेगा।

इंडिगो का विमान
इंडिगो का विमान (प्रतीकात्मक फोटो: विकिमीडिया कॉमन्स / टिमोथी ए. गॉन्साल्विस)

घरेलू उड़ानों पर नई दरें

घरेलू रूटों पर नई ईंधन सरचार्ज दरें दूरी के हिसाब से तय की गई हैं —

  • 500 किलोमीटर तक की दूरी: ₹375
  • 501 से 1,000 किलोमीटर: ₹600
  • 1,001 से 1,500 किलोमीटर: ₹900
  • 1,501 से 2,000 किलोमीटर: ₹1,150
  • 2,000 किलोमीटर से अधिक: ₹1,300

अंतरराष्ट्रीय रूटों पर सबसे ज्यादा झटका यूरोप को

अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर भी सरचार्ज बढ़ाया गया है। सार्क क्षेत्र के लिए यह ₹1,000 से ₹3,000 तक होगा, जबकि दक्षिण-पूर्व एशिया, खाड़ी देशों, मध्य पूर्व और उत्तर-पूर्व एशिया के लिए ₹5,500 तय किया गया है। अफ्रीका जाने वालों को ₹6,000 और यूरोप के रूटों पर सबसे ज्यादा ₹10,000 सरचार्ज देना होगा।

क्यों बढ़ाए गए दाम

इंडिगो के बयान के अनुसार, एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) की कीमतें पिछले कुछ महीनों से अस्थिर रही हैं, खासकर मध्य पूर्व की भू-राजनीतिक स्थिति के बाद। एयरलाइन का कहना है कि ईंधन की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है और ताजा मासिक बढ़ोतरी 14 प्रतिशत से ज्यादा रही है, जिससे एटीएफ की लागत पिछले एक दशक के सबसे ऊंचे स्तरों में पहुंच गई है।

एयरलाइन ने कहा है कि एटीएफ उसके संचालन खर्च का बड़ा हिस्सा है, ऐसे में लागत संरचना पर असर पड़ना स्वाभाविक है। हालांकि इंडिगो का दावा है कि लागत की भरपाई के लिए जितनी बढ़ोतरी जरूरी होती, उसकी तुलना में काफी कम और संयमित वृद्धि की गई है ताकि ग्राहकों पर असर कम से कम पड़े।

अपने बयान में इंडिगो ने यह भी कहा कि संशोधित ईंधन शुल्क से यात्रियों पर पड़ने वाले अतिरिक्त बोझ के लिए उसे खेद है, और हालात पर नजर रखते हुए समय-समय पर जरूरी बदलाव किए जाएंगे।

स्रोत: PTI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

दैनिक संपूर्ण प्रदेश — आपका अपना अख़बार