Headlines

इंदौर: अष्टांग आयुर्वेद कॉलेज का वार्षिक उत्सव “अद्वैत-2026” सम्पन्न — प्रदेश में 20 वेलनेस सेंटर शुरू होंगे: प्रमुख सचिव आयुष

अद्वैत-2026 समापन समारोह में पुरस्कार वितरण

इंदौर ब्यूरो

शासकीय स्वशासी अष्टांग आयुर्वेद महाविद्यालय इंदौर का वार्षिक उत्सव “अद्वैत-2026” का समापन समारोह एवं पारितोषिक वितरण कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आयुष विभाग के प्रमुख सचिव शोभित जैन, विशेष अतिथि शिक्षाविद डॉ. प्रकाश शास्त्री एवं आयुष संचालनालय के उप संचालक डॉ. राजीव मिश्रा थे।

उत्कृष्ट विद्यार्थी पुरस्कृत

कार्यक्रम में वार्षिक उत्सव में आयोजित विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र एवं ट्रॉफी देकर पुरस्कृत किया गया।

पुरस्कार पाते विद्यार्थी
पुरस्कार पाते विद्यार्थी (फोटो: विशेष)

प्रदेश में 20 वेलनेस सेंटर शुरू होंगे

इस अवसर पर सम्बोधित करते हुए प्रमुख सचिव शोभित जैन ने कहा कि आयुष विभाग आयुर्वेद को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। शोध और नवाचार के कार्य किए जा रहे हैं। प्रदेश के 20 स्थानों पर मध्यप्रदेश टूरिज्म के माध्यम से वेलनेस सेंटर शुरू किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आगामी 10 वर्ष आयुर्वेद के लिए बहुत महत्वपूर्ण रहने वाले हैं। आयुर्वेद की प्रतिष्ठा बढ़ाने के लिए आयुर्वेद के विद्यार्थियों और शिक्षकों को लगातार कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद जीवन विज्ञान है, जो वैज्ञानिक कसौटी पर हमेशा खरा उतरा है।

प्रमुख सचिव ने कहा कि आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति में जो नाड़ी विशेषज्ञ होते हैं, उनका अनुमान करीब 80 प्रतिशत तक सही होता है। उन्होंने पुरस्कृत विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि सफलता के लिए लगातार प्रयास करें और असफल होने पर हतोत्साहित न हों।

डॉ. प्रकाश शास्त्री का उद्बोधन

डॉ. प्रकाश शास्त्री ने कहा कि आयुर्वेद की जड़ें भारत में हैं और इसे मुख्यधारा में लाना हम सबका दायित्व है। भारत का दर्शन है कि वह सबके कल्याण की बात करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से सेवा भाव जगाए रखने और संवेदनशीलता बनाए रखने का आह्वान किया।

कॉलेज में नई सुविधाएं

कार्यक्रम के प्रारंभ में स्वागत उद्बोधन देते हुए आयुर्वेद कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अजीतपाल सिंह चौहान ने कहा कि महाविद्यालय में इस वर्ष से तीन विषयों में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम की शुरुआत होने जा रही है। संस्था में पंचकर्म, नेत्र रोग, ओजोन थैरेपी की बेहतर चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध है। मरीजों के उपचार हेतु शाम के समय में भी ओपीडी खोली जा रही है।

उन्होंने बताया कि कॉलेज में हर्बल गार्डन है, जिसमें विभिन्न प्रजातियों के 400 पौधे हैं। संस्था द्वारा एक निजी गार्डन को भी गोद लिया गया है और वहां भी अब औषधीय पौधे लगाए जाएंगे।

अतिथियों का स्वागत

अतिथि स्वागत दिनेश मालवीय, अतुल प्रभाकर, मनोहर परिहार, डॉ. एस.के. दास, डॉ. महेश गुप्ता, अंशिका तोमर ने किया। सभी अतिथियों का स्वागत तुलसी के पौधे से किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मध्यप्रदेश गान से हुआ। समारोह में संस्था के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति भी दी गई।

कार्यक्रम में आयुष विभाग की संयुक्त संचालक मीना भायल, डॉ. अखिलेश भार्गव, लोकेश जोशी, कॉलेज के प्राध्यापक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।


फोटो: अद्वैत-2026 समापन समारोह में पुरस्कार वितरण (फोटो: विशेष)

डिस्क्लेमर: यह खबर उपलब्ध स्रोतों और सत्यापन के आधार पर तैयार की गई है। किसी तथ्य में त्रुटि होने पर सुधार प्रकाशित किया जाएगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

दैनिक संपूर्ण प्रदेश — आपका अपना अख़बार