नई दिल्ली। इलेक्ट्रिक कार खरीदने का सपना देख रहे ग्राहकों के लिए बड़ी खबर है। टाटा मोटर्स की इलेक्ट्रिक वाहन इकाई ने बैटरी-एज-ए-सर्विस यानी BaaS प्रोग्राम को अपने पूरे इलेक्ट्रिक पोर्टफोलियो में लागू कर दिया है। अब तक यह सुविधा सिर्फ Tiago.ev और Punch.ev तक सीमित थी, लेकिन अब Nexon.ev, Curvv.ev, Sierra.ev और Harrier.ev जैसे सभी प्रमुख मॉडल्स पर भी इसका फायदा मिलेगा।
बैटरी की कीमत अलग, घटी शुरुआती लागत
BaaS का मकसद बैटरी की लागत को गाड़ी की मूल कीमत से अलग करके शुरुआती खरीद लागत को कम करना है। बैटरी की कीमत हटने के बाद टाटा की इलेक्ट्रिक कारों की नई शुरुआती कीमतें काफी आकर्षक हो गई हैं — Tiago.ev 4.69 लाख रुपये, Punch.ev 6.59 लाख रुपये, Nexon.ev 8.99 लाख रुपये, Curvv.ev 10.99 लाख रुपये, Sierra.ev 11.99 लाख रुपये और Harrier.ev 14.49 लाख रुपये से शुरू हो रही हैं।

इस स्कीम में वाहन और बैटरी के लिए दो अलग-अलग लोन अकाउंट बनते हैं। ग्राहक बैटरी की कीमत को शुरुआती भुगतान से अलग रखकर गाड़ी खरीद सकते हैं और बैटरी का भुगतान अलग मासिक किस्त में कर सकते हैं। बैटरी की किस्त बैटरी पैक की क्षमता, डाउन पेमेंट और लोन की अवधि जैसे कारकों पर तय होती है। कंपनी ने साफ किया है कि चार्जिंग का खर्च, मेंटेनेंस और मरम्मत की लागत इस बैटरी फीस में शामिल नहीं होगी।
टाटा ने इस सुविधा के लिए कई फाइनेंस कंपनियों से साझेदारी की है, ताकि ग्राहकों को अलग-अलग फाइनेंसिंग विकल्प मिल सकें। जो ग्राहक चाहें, वे बैटरी समेत गाड़ी की पूरी कीमत एक साथ या पारंपरिक फाइनेंसिंग से भी चुका सकते हैं। कंपनी का कहना है कि इसका उद्देश्य ग्राहकों को फाइनेंसिंग के ज्यादा विकल्प देना है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इलेक्ट्रिक कारों की ओर बढ़ सकें।
फोटो: विकिमीडिया कॉमन्स / DriveSpark
