भोपाल ब्यूरो। त्योहारों का मौसम आते ही घर जाने की तैयारी करने वालों के लिए बड़ी खबर है। पश्चिम मध्य रेलवे ने पितृपक्ष, दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए भोपाल के रानी कमलापति स्टेशन से गया, रीवा और दानापुर के लिए तीन जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला लिया है। इन अतिरिक्त ट्रेनों से भोपाल और आसपास के यात्रियों को त्योहारों पर घर जाने का अतिरिक्त विकल्प मिलेगा, साथ ही नियमित ट्रेनों में भीड़ का दबाव भी कम होगा।

फोटो: लोकमत
किन रूटों पर चलेंगी ये स्पेशल ट्रेनें
पहली जोड़ी ट्रेन रानी कमलापति से रीवा के बीच साप्ताहिक सुपरफास्ट पूजा स्पेशल के रूप में चलेगी। गाड़ी संख्या 02191 आगामी 17 और 24 अक्टूबर तथा 7 और 14 नवंबर को रानी कमलापति से रात 10:15 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 7:20 बजे रीवा पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी 02192 इन्हीं तारीखों पर रीवा से दोपहर 12:30 बजे चलकर रात 9:15 बजे भोपाल लौटेगी। यह ट्रेन विदिशा, बीना, सागर, दमोह, कटनी मुड़वारा, मैहर और सतना स्टेशनों पर रुकेगी और इसमें 22 आधुनिक कोच लगाए जाएंगे।
दानापुर के लिए सबसे लंबी स्पेशल
दीपावली और छठ पर बिहार व पूर्वी उत्तर प्रदेश जाने वाले प्रवासियों के लिए रानी कमलापति-दानापुर स्पेशल सबसे अहम होगी। गाड़ी संख्या 01667 आगामी 12 अक्टूबर से 16 नवंबर तक हर सोमवार और शुक्रवार को दोपहर 2:25 बजे रानी कमलापति से रवाना होकर अगले दिन सुबह 9:15 बजे दानापुर (पटना) पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी 01668 हर मंगलवार और शनिवार को दानापुर से संचालित होगी। इस ट्रेन में 24 कोच होंगे और यह नर्मदापुरम, इटारसी, पिपरिया, गाडरवारा, नरसिंहपुर, जबलपुर, कटनी, मैहर, सतना, प्रयागराज छिवकी, मिर्जापुर, दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर और आरा स्टेशनों पर रुकेगी।
पितृपक्ष में गया के लिए भी स्पेशल
गया जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी विशेष ट्रेनों के फेरे तय किए गए हैं, जिनसे पितृपक्ष के दौरान आवाजाही आसान होगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि विस्तृत समय, ठहराव और सीट उपलब्धता की जानकारी के लिए राष्ट्रीय ट्रेन पूछताछ प्रणाली (NTES), RailOne ऐप या हेल्पलाइन नंबर 139 का उपयोग करें। बुकिंग आरक्षण काउंटरों और आईआरसीटीसी के ऑनलाइन पोर्टल पर नियमों के अनुसार शुरू की जा रही है।
