Headlines

हमारा शरीर लघु ब्रह्मांड, इसे स्वस्थ रखना हमारी जिम्मेदारी: CM डॉ. यादव ने पंख मैराथन को दिखाई हरी झंडी

पंख मैराथन के शुभारंभ अवसर पर मंच पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

उज्जैन ब्यूरो। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि परमात्मा की कृपा से हमारा शरीर स्वयं में एक लघु ब्रह्मांड है। मां के गर्भ से आने के बाद शरीर पल-पल बदलता रहता है, और इसे स्वस्थ एवं निरोग रखने में नियमित व्यायाम और योग का विशेष महत्व है। मुख्यमंत्री रविवार को उज्जैन के दशहरा मैदान पर आयोजित पंख मैराथन के शुभारंभ अवसर पर संबोधित कर रहे थे। उन्होंने मैराथन को झंडी दिखाकर रवाना किया।

बंसल पंख मैराथन को हरी झंडी दिखाते मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
बंसल पंख मैराथन को हरी झंडी दिखाते मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव। फोटो: जनसंपर्क मप्र

मंच पर किए योगासन, साधकों का बढ़ाया उत्साह

मुख्यमंत्री ने मंच पर स्वयं विभिन्न योगासन किए और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर 70 से 80 वर्ष आयु वर्ग के पुरुष-महिला योग साधकों ने भी मुख्यमंत्री के समक्ष योगासन एवं सूर्य नमस्कार का प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री ने छोटे बच्चों एवं धावकों से हाथ मिलाकर उनका उत्साह बढ़ाया और उपस्थित जनों का अभिवादन स्वीकार किया।

महाकाल नगरी का जिक्र, पर्यावरण का संदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि महाकाल की नगरी उज्जैन आध्यात्मिक दृष्टि से विशेष महत्व रखती है — जिस प्रकार उज्जैन में भगवान महाकाल विराजमान हैं, उसी प्रकार हमारे शरीर में भी एक महाकाल का वास है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया। श्राद्ध पक्ष का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पितरों के स्मरण के लिए गया, प्रयागराज और उज्जैन का सिद्धवट विशेष रूप से प्रसिद्ध है।

दशहरा मैदान से शुरू होकर इन्हीं मार्गों से गुजरी मैराथन

मैराथन दशहरा मैदान से प्रारंभ होकर तरण ताल, कोठी रोड, देवास रोड, पाइप फैक्ट्री, विक्रम नगर रेलवे स्टेशन होते हुए वापसी में पुलिस लाइन के सामने से होकर पुनः दशहरा मैदान पहुंचकर संपन्न हुई। मैराथन में करीब 2 हजार से अधिक युवा, बच्चे एवं बुजुर्ग धावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

फोटो: जनसंपर्क मप्र

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

दैनिक संपूर्ण प्रदेश — आपका अपना अख़बार