उज्जैन ब्यूरो। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को महाकाल मंदिर परिसर, उज्जैन से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीयजनों के साथ सामूहिक श्रवण किया।

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने ‘मन की बात’ के 138वें संस्करण में मध्यप्रदेश के कुछ नौजवानों द्वारा नदी की सफाई के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि युवाओं ने छोटे से प्रयास से शुरुआत की और धीरे-धीरे समाज के अन्य लोग भी इससे जुड़ते गए। प्रधानमंत्री ने इसे जनभागीदारी की जीवंत मिसाल बताया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ‘एक्स’ पर कहा कि प्रधानमंत्री ने मध्यप्रदेश के युवाओं द्वारा नदी स्वच्छता के लिए किए जा रहे सराहनीय प्रयासों को विशेष रूप से साझा किया। साथ ही नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण, पोषण, खेल प्रतिभाओं को अवसर देने और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रेरणादायी विचार रखे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ देश के कोने-कोने में हो रहे जन-प्रयासों और सकारात्मक बदलावों को देश के सामने लाने का सशक्त माध्यम है। यह सेवा, सहभागिता और संकल्प की भावना को नई ऊर्जा देता है।
मन की बात का सामूहिक श्रवण करते मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (फाइल फोटो)। फोटो: स्टेट ब्रेकिंग
