Headlines

गांधी जयंती: झाबुआ में साइकिल रैली और अनास नदी घाट पर वृहद सफाई अभियान

झाबुआ में अनास नदी घाट पर सफाई अभियान फोटो: नवीनता अख़बार

झाबुआ ब्यूरो। गांधी जयंती के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत झाबुआ में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर साइकिल रैली निकाली गई और वृहद सफाई अभियान चलाया गया। कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट एवं पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार की मौजूदगी में अधिकारियों-कर्मचारियों, पुलिस, होमगार्ड, विद्यार्थियों और सफाई कर्मियों ने अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ दिलाया संकल्प

साइकिल रैली रवाना होने से पहले कलेक्टर डॉ. भरसट ने उपस्थित लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने और झाबुआ को प्लास्टिक मुक्त बनाने का संकल्प दिलाया। इसके बाद रैली कलेक्टर कार्यालय से शुरू होकर राजगढ़ नाका, गोपाल कॉलोनी, कॉलेज रोड, राजवाड़ा चौक, सांदीपनी विद्यालय रोड, बस स्टैंड, जेल चौराहा, दिलीप गेट और मेघनगर नाका होते हुए रंगपुरा स्थित अनास नदी घाट पहुंची।

अनास नदी घाट पर सामूहिक श्रमदान

रैली के बाद रंगपुरा के अनास नदी घाट एवं आसपास के क्षेत्र में वृहद सफाई अभियान चलाया गया। कलेक्टर और एसपी सहित अधिकारियों, पुलिस एवं होमगार्ड जवानों, विद्यार्थियों तथा नगर पालिका के सफाई कर्मियों ने स्वयं श्रमदान करते हुए कचरा और प्लास्टिक अपशिष्ट एकत्र किया।

अनास नदी घाट पर सफाई अभियान में श्रमदान
फोटो: नवीनता अख़बार

कलेक्टर डॉ. भरसट ने कहा कि स्वच्छता की शुरुआत स्वयं से होती है और इसे स्थायी रूप देने के लिए जनभागीदारी आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से सार्वजनिक स्थानों एवं नदी घाटों को स्वच्छ रखने और सिंगल यूज प्लास्टिक के स्थान पर पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने की अपील की।

पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार ने सफाई अभियान के बाद उपस्थित लोगों को स्वच्छता का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण स्वस्थ समाज की आधारशिला है — स्वच्छता केवल किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ जितेंद्र सिंह चौहान, अपर कलेक्टर सीएस सोलंकी, सहायक कलेक्टर आयुषी बंसल, संयुक्त कलेक्टर विजय कुमार मंडलोई, एसडीएम महेश कुमार मंडलोई, सीएमओ मिलन पटेल सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी एवं आमजन मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

दैनिक संपूर्ण प्रदेश — आपका अपना अख़बार