इंदौर ब्यूरो। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सुशासन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत वाराणसी से वडनगर तक निकाली जा रही जन सेवा संकल्प यात्रा बुधवार, 30 सितंबर को सांवेर विधानसभा क्षेत्र के क्षिप्रा पहुंचेगी। जल संसाधन मंत्री एवं सांवेर विधायक श्री तुलसीराम सिलावट के नेतृत्व में यात्रा का क्षिप्रा में भव्य स्वागत किया जाएगा।
क्षिप्रा में स्वच्छता अभियान, घाट पूजन और सफाईकर्मियों का सम्मान
मंत्री श्री सिलावट के नेतृत्व में क्षिप्रा में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा, क्षिप्रा घाट पर पूजन होगा तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य एवं सफाई कर्मियों का सम्मान किया जाएगा। यात्रा में शामिल युवाओं के साथ विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
डकाच्या से हातोद तक — यात्रा का रूट
क्षिप्रा के बाद यात्रा डकाच्या पहुंचेगी, जहां कबड्डी खिलाड़ियों को खेल सामग्री वितरित की जाएगी। यहां से यात्रा लसूडिया परमार पहुंचेगी, जहां आजीविका एवं लखपति दीदियों के साथ संवाद कार्यक्रम होगा। इसके बाद यात्रा खाकरौद होते हुए टोडी पहुंचेगी, जहां स्वागत के साथ स्कूल में वृक्षारोपण एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। टोडी से यात्रा धनखेड़ी, फिर जैतपुरा, धरमपुरी, रिंगनोदिया, बारोली टोल, अलवासा एवं पालिया स्टेशन होते हुए सगवाल चौराहा पहुंचेगी। सगवाल चौराहे से यात्रा हातोद में प्रवेश करेगी, जहां वृक्षारोपण सहित विभिन्न कार्यक्रम होंगे। इसके बाद यात्रा हातोद के विभिन्न क्षेत्रों से गुजरते हुए देपालपुर विधानसभा क्षेत्र में प्रवेश करेगी और महाकाल गार्डन में रात्रि विश्राम करेगी। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर जनसंवाद, स्वच्छता, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य एवं सामाजिक सहभागिता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
फोटो: ज़ी न्यूज़
