इंदौर ब्यूरो। जिले में घोषित ड्राई डे पर अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन एवं विक्रय के विरुद्ध आबकारी विभाग द्वारा सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 2 अक्टूबर को मिली सूचना के आधार पर विभाग की टीम ने भारी मात्रा में बियर, देसी मदिरा प्लेन एवं मसाला बरामद की।
दो प्रकरणों में 72.85 लीटर मदिरा बरामद
आबकारी उपनिरीक्षक आशीष जैन एवं त्रिअंबिका शर्मा की टीम ने ग्राम बड़ोदिया करा, थाना खुड़ेल में दो स्थानों पर छापेमारी की। आरोपी श्रवण पिता जगन्नाथ कुशवाह के आधिपत्य से 120 पाव देसी मदिरा प्लेन एवं 28 कैन बोल्ट बियर जब्त की गई। वहीं बादशाह ढाबा पर की गई कार्रवाई में ढाबा मालिक प्रशांत कुशवाह के कब्जे से 160 पाव देसी मदिरा प्लेन/मसाला एवं 13 बोतल बोल्ट बियर जब्त हुई। दोनों प्रकरणों में कुल 72.85 लीटर अवैध मदिरा बरामद की गई, जिसका अनुमानित बाजार मूल्य 30,155 रुपये आंका गया है।
दोनों आरोपियों पर प्रकरण दर्ज
दोनों आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1) एवं 36(a) के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। विभाग का कहना है कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन एवं अवैध विक्रय के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई में इन अधिकारियों का नेतृत्व
यह कार्रवाई कलेक्टर इंदौर शिवम वर्मा के निर्देशानुसार एवं सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी के निर्देशन में हुई। कंट्रोलर कमलेश सोलंकी, डिप्टी कंट्रोलर मनोज अग्रवाल और सहायक जिला आबकारी अधिकारी देवेश चतुर्वेदी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में मुख्य आरक्षक मुकेश रावत, आरक्षक संजय सिंगार, विक्रम यादव और राहुल जामोद की सक्रिय भूमिका रही।
