Headlines

भोपाल गोपालक सम्मेलन: मंच से पशुपालकों के लिए बड़ी घोषणाएं — गोशालाओं को ₹101 करोड़, दूध संग्रहण 50 लाख लीटर का लक्ष्य

भोपाल के भेल दशहरा मैदान में गोपालक सम्मेलन के मंच पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सौजन्य: अमर उजाला

भोपाल ब्यूरो। भेल दशहरा मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में पशुपालकों के लिए कई बड़ी घोषणाएं की गईं। प्रदेश के 11 जिलों के करीब 35 हजार पशुपालक और दुग्ध सहकारी समितियों के सदस्य सम्मेलन में शामिल हुए।

संबोधन में केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने गोपालकों से कहा — “50 लाख लीटर दूध का संकल्प लेने के साथ दोनों हाथ उठाकर बोलिए- भारत माता की जय। जो गोपालक आए हैं वो एमपी की श्वेत क्रांति के लिए शुभांकर संकेत है।”

मंच से सबसे बड़ी घोषणा गोशालाओं को लेकर हुई — पंजीकृत गोशालाओं को जुलाई–अगस्त 2026 का ₹101 करोड़ से अधिक का अनुदान डीबीटी के जरिए हस्तांतरित किया गया। साथ ही प्रति गोमाता मिलने वाला अनुदान ₹20 से बढ़ाकर ₹40 प्रतिदिन कर दिया गया। भोपाल और इंदौर दुग्ध संघ से जुड़े पशुपालकों को करीब ₹12 करोड़ का बोनस भी दिया गया।

शाह ने उज्जैन में बनने वाले ₹255 करोड़ के दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र का वर्चुअल भूमिपूजन किया। संयंत्र की प्रारंभिक क्षमता 3 लाख लीटर प्रतिदिन होगी, जिसे बढ़ाकर 5 लाख लीटर तक किया जा सकेगा।

सम्मेलन के मंच पर पांच ‘लखपति दीदी’ सम्मानित की गईं। मुख्यमंत्री ने पशुओं के लिए चलित अस्पताल चलाने और प्रदेश के सभी 313 ब्लॉकों के चयनित वृंदावन गांव में पशुपालन प्रतियोगिता कराने की घोषणा की। प्रतियोगिता में प्रति ब्लॉक प्रथम पुरस्कार ₹1 लाख, द्वितीय ₹50 हजार और तृतीय ₹25 हजार दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा — “आज हम श्वेत क्रांति-2 का शंखनाद कर रहे हैं। अभी हम 12 लाख दूध का संग्रहण कर रहे हैं। ये 50 लाख लीटर होना चाहिए। हम सहकारी समितियों के माध्यम से इसे बढ़ाएंगे।” उन्होंने कहा कि “साढ़े आठ करोड़ जनता के साथ 80 लाख पशुपालकों का परिवार हमारा है।”

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा — “सहकार से संगठन और संगठन से उत्पादन हो। इसका प्रयास हमारे प्रदेश की सरकार करेगी। आने वाले समय में हम 50 लाख लीटर दूध के कलेक्शन पर पहुंचेंगे।”

मंच पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, मंत्री विश्वास सारंग, कृष्णा गौर, ऐदल सिंह कंसाना, विधायक भगवानदास सबनानी, विधायक रामेश्वर शर्मा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल मौजूद रहे।

सम्मेलन से पहले शाह ने मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन पर लगाई गई राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

दैनिक संपूर्ण प्रदेश — आपका अपना अख़बार