रिपोर्ट अनुष्ठ चौहान

कांग्रेस विधायक फूलसिंह बरैया के कथित महिला विरोधी बयान को लेकर भाजपा ने शहर में जोरदार प्रदर्शन किया। महिला मोर्चा और अनुसूचित जाति मोर्चा के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में सांसद शंकर लालवानी, नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, महापौर पुष्यमित्र भार्गव सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए।

कालानी नगर चौराहे पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी और फूलसिंह बरैया के पुतलों को चप्पलों से पीटा और आग के हवाले किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी से देश की महिलाओं से माफी मांगने और विधायक बरैया को पार्टी से निष्कासित करने की मांग की।
भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने कहा कि बरैया का बयान कांग्रेस की महिलाओं के प्रति घृणित और राक्षसी मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने राहुल गांधी से स्पष्ट करने को कहा कि क्या वे ऐसे विचारों का समर्थन करते हैं।
प्रदर्शन में महिला कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लेकर शामिल हुईं और जमकर नारेबाजी की। इसके बाद भाजपा महिला कार्यकर्ताओं ने एरोड्रम थाने में विधायक फूलसिंह बरैया के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
प्रदर्शन में भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
