रिपोर्ट राज वर्मा सिटी रिपोर्टर इंदौर
इंदौर। कर्नाटक राज्य के राज्यपाल के रूप में कार्यकाल पूर्ण करने के पश्चात वरिष्ठ नेता थावरचंद गहलोत आज विशेष विमान से इंदौर विमानतल पहुंचे, जहां मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और तुलसीराम सिलावट की उपस्थिति में कार्यकर्ताओं ने उनका आत्मीय स्वागत किया।
विमानतल पर अगवानी
इंदौर विमानतल पर श्री गहलोत की अगवानी के लिए कार्यकर्ता ढोल-ढमाके के साथ पहुंचे थे। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और तुलसीराम सिलावट की उपस्थिति में विधायक अरुण भीमावत, घनश्याम काकणी, सतीश मालवीय, बलजीत सिंह चौहान, प्रदीप शर्मा, अभिनव शर्मा, चंद्रशेखर मालवीय और राजेश दुभरिया सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने श्री गहलोत को अंगवस्त्र व पुष्पमाला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया।
गहलोत ने मीडिया से की चर्चा
इस अवसर पर श्री गहलोत ने मीडिया से चर्चा में कहा कि कर्नाटक में समन्वय के साथ कार्य करने का प्रयास किया और सभी को साथ लेकर कर्नाटक के विकास के लिए कार्य करने का प्रयास किया। अपने कार्यकाल को संतोषजनक बताते हुए उन्होंने कहा कि आगे पार्टी जो दायित्व देगी, उसका निर्वहन करेंगे।
विजयवर्गीय ने की प्रशंसा
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने श्री गहलोत की प्रशंसा करते हुए कहा कि संगठन ने उन्हें जो जवाबदारी दी, उसका उन्होंने पूरी ईमानदारी से निर्वहन किया। उन्होंने कहा कि वे उन नेताओं में से एक हैं, जिनका राजनीतिक जीवन बेदाग रहा और उनसे सीखने को मिलता है।
डिस्क्लेमर: यह खबर उपलब्ध स्रोतों और सत्यापन के आधार पर तैयार की गई है। किसी तथ्य में त्रुटि होने पर सुधार प्रकाशित किया जाएगा।
