नई दिल्ली। दिल्ली के कनॉट प्लेस में तिरंगा मार्च को लेकर विरोध प्रदर्शन जारी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अब तक अभिजीत दीपके और नेहा बोरा समेत करीब 150 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है। स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई), डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन ऑफ इंडिया (डीवाईएफआई), ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (एआईएसएफ) और ऑल इंडिया यूथ फेडरेशन (एआईवाईएफ) के कार्यकर्ताओं ने मार्च निकालकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध जताया और उनके इस्तीफे की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के सांसद पी. संतोष कुमार ने आंदोलन और तेज करने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्रवाई से आंदोलन नहीं रुकेगा और आने वाले दिनों में इसे और व्यापक बनाया जाएगा।
मार्च से पहले भी हिरासत
तिरंगा मार्च से पहले दिल्ली पुलिस ने सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके को हिरासत में लिया था। वहीं, मंडी हाउस से नेहा बोरा को भी हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है। प्रदर्शनकारियों की हिरासत के बीच कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
डिस्क्लेमर: यह खबर उपलब्ध स्रोतों और सत्यापन के आधार पर तैयार की गई है। किसी तथ्य में त्रुटि होने पर सुधार प्रकाशित किया जाएगा।
