Headlines

ग्वालियर में भीषण सड़क हादसा: शीतला माता मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं को बेकाबू ट्रक ने कुचला, 14 की मौत; CM ने 4-4 लाख सहायता की घोषणा की

ग्वालियर का शीतला माता मंदिर शीतला माता मंदिर, ग्वालियर

ग्वालियर ब्यूरो।

ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के समीप रविवार तड़के करीब 1:30 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। धान से लदे एक बेकाबू ट्रक ने मंदिर की ओर पैदल जा रहे श्रद्धालुओं को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से 5 से 6 की हालत गंभीर बनी हुई है।

कैसे हुआ हादसा

ग्वालियर के एसएसपी धर्मवीर सिंह के अनुसार, छिनोर की ओर से धान से लदा एक ट्रक मंदिर की तरफ आ रहा था। जिस सड़क पर हादसा हुआ, वहां तीखी ढलान है और भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित है। पुलिसकर्मियों ने ट्रक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन ड्राइवर ने रुकने के बजाय पुलिस बैरिकेड तोड़ दिए। अनियंत्रित ट्रक ढलान से तेजी से नीचे उतरता हुआ सड़क पर पैदल चल रहे श्रद्धालुओं को कुचलते हुए मंदिर की बाहरी दीवार और मुख्य गेट से जा टकराया।

एसएसपी के अनुसार कुल 39 लोगों को अस्पताल ले जाया गया, जिनमें से 14 की मौत हो गई। हादसे में ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। एसएसपी ने कहा कि मौत का आंकड़ा बढ़ भी सकता है। ग्वालियर कलेक्टर रुचिका चौहान ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही एंबुलेंस और अन्य वाहन राहत कार्य के लिए भेजे गए थे। दुर्गाष्टमी के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु शीतला माता मंदिर जा रहे थे।

हादसे के बाद घटनास्थल
हादसे के बाद घटनास्थल पर पुलिस और स्थानीय लोग

CM ने जताया गहरा दुःख, सहायता की घोषणा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर एयरपोर्ट पर पत्रकारों से चर्चा में ग्वालियर हादसे पर गहरा दुःख जताया। उन्होंने हादसे को अत्यंत दुखद बताते हुए मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना की विस्तृत जांच कराई जाएगी तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की। सभी घायलों का उपचार शासन द्वारा निःशुल्क कराया जाएगा।

घटनास्थल पर मंत्री एदल सिंह कंषाना मौजूद हैं। मंत्री राकेश सिंह को भी मौके पर भेजा गया है।

प्रभारी मंत्री ने भी जताया दुःख

प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने हादसे पर दुःख जताते हुए कहा कि सरकार पूरे मामले पर नजर रख रही है और हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ जांच के बाद कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

डिस्क्लेमर: यह खबर उपलब्ध स्रोतों और सत्यापन के आधार पर तैयार की गई है। किसी तथ्य में त्रुटि होने पर सुधार प्रकाशित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

दैनिक संपूर्ण प्रदेश — आपका अपना अख़बार