Headlines

इंदौर में विश्व हिंदू परिषद की संस्कार शालाओं का प्रकट कार्यक्रम संपन्न, 65 शालाओं का हो रहा संचालन

इंदौर में विहिप संस्कार शालाओं का प्रकट कार्यक्रम फोटो: प्रदेश 24 न्यूज़

इंदौर ब्यूरो। विश्व हिंदू परिषद की संस्कार शालाओं का प्रकट कार्यक्रम स्वामी प्रीतमदास सभागृह, सिंधी कॉलोनी में संपन्न हुआ। परम श्रद्धेय अशोक जी सिंघल जन्म शताब्दी वर्ष के निमित्त विश्व हिंदू परिषद द्वारा पूरे देश में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

इंदौर-देवास में 65 संस्कार शालाओं का संचालन

विहिप के सेवा प्रमुख मुकेश चौधरी एवं गन्नी चौकसे ने बताया कि सेवा विभाग द्वारा इंदौर जिले में संचालित की जा रही संस्कार शालाओं का प्रकट कार्यक्रम आयोजित किया गया। उल्लेखनीय है कि विहिप सेवा विभाग द्वारा आर्थिक रूप से पिछड़ी सेवा बस्तियों में रहने वाले बालक-बालिकाओं को शिक्षा देने के साथ-साथ हिंदू धर्म और संस्कृति के संस्कारों को सिखाने के लिए इंदौर-देवास में 65 संस्कार शालाओं का सफलतापूर्वक संचालन किया जा रहा है।

कारगिल युद्ध पर नाटिका प्रस्तुत

विगत 3 वर्षों से इन शालाओं में अध्ययन कर रहे बच्चों के प्रशिक्षण पर आधारित इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में देशभक्ति और धार्मिक भजनों के साथ ही कारगिल युद्ध और हिंदू साम्राज्य दिवस पर बहुत ही सुंदर नाटिका प्रस्तुत की गई।

फोटो: प्रदेश 24 न्यूज़

अनुशासित छात्र ही देश का उज्ज्वल भविष्य

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष माननीय आलोक कुमार जी ने बच्चों से संवाद करते हुए कहा कि अच्छी शिक्षा हमें अज्ञान के अंधेरे से निकालकर ज्ञान रूपी प्रकाश की ओर ले जाती है। मनुष्य के जीवन का उद्देश्य अपने समाज और देश के विकास के साथ ही लोक कल्याण से जुड़ा हुआ होना चाहिए। हम जो भी शिक्षा प्राप्त करते हैं, वह हमारे संस्कारों से ही प्रकट होती है। एक अनुशासित छात्र ही देश के उज्ज्वल भविष्य का आधार बनता है।

प्रचार प्रमुख गन्नी चौकसे ने बताया कि कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी सीए प्रिया मंगल ने की। विहिप क्षेत्र संगठन मंत्री राजाराम के साथ ही प्रांत अध्यक्ष मुकेश जी जैन, प्रांत उपाध्यक्ष डॉक्टर मालसिंह ठाकुर, प्रांत संगठन मंत्री खगेंद्र जी भार्गव, प्रांत मंत्री विनोद जी शर्मा, आरती जायसवाल, आशुतोष शेखावत, गिरधारीलाल कुमावत विशेष रूप से उपस्थित रहे।

राष्ट्रगान एवं वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

दैनिक संपूर्ण प्रदेश — आपका अपना अख़बार