Headlines

बीना में भाजपा नेता का हाईवोल्टेज ड्रामा: गाड़ी रोके जाने पर बीच सड़क पर बैठे धरने पर, सर्वोदय चौराहे पर लगा लंबा जाम

बीना में सड़क पर धरने पर बैठे भाजपा नेता रमेश जड़िया

सागर ब्यूरो। सागर जिले के बीना में रविवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब पुलिस द्वारा गाड़ी रोके जाने से नाराज एक भाजपा नेता बीच सड़क पर धरने पर बैठ गए। बीना के सर्वोदय चौराहे पर सड़क के बीचों-बीच बैठने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और काफी देर तक यातायात बाधित रहा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

बीना के सर्वोदय चौराहे पर धरने पर बैठे भाजपा नेता। फोटो: अमर उजाला

बाइक सवार को टक्कर के बाद शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार पूरा विवाद एक सड़क हादसे के बाद शुरू हुआ। आरोप है कि भाजपा नेता और स्थानीय एल्डरमैन रमेश जड़िया के बेटे की कार ने बीना के सिविल कोर्ट के पास एक बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार घायल हो गया। घायल पक्ष की शिकायत पर बीना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सर्वोदय चौराहे पर कार को रोक लिया।

कार थाने ले जाने पर भड़के नेता

पुलिस जब कार को थाने ले जाने की कोशिश कर रही थी, तभी भाजपा नेता वहां पहुंच गए। उन्होंने कार को थाने ले जाने का विरोध किया और पुलिसकर्मियों पर अभद्रता करने का आरोप लगाया। इसी दौरान उनकी पुलिसकर्मियों से बहस हो गई। इसके बाद वे वाहनों के सामने बीच सड़क पर ही बैठ गए, जिससे चौराहे पर लंबा जाम लग गया।

समझाइश के बाद बहाल हुआ यातायात

धरने की सूचना मिलने पर अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद लोगों ने भी नेता को समझाने की कोशिश की। काफी समझाइश के बाद उन्हें सड़क से हटाया गया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका। चौराहे पर लगे लंबे जाम के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस अधिकारियों के अनुसार हादसे में घायल व्यक्ति की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

फोटो: अमर उजाला

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

दैनिक संपूर्ण प्रदेश — आपका अपना अख़बार