इंदौर ब्यूरो। थाना कनाडिया पुलिस ने बायपास स्थित पेट्रोल पंप पर डकैती की योजना बना रहे 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया है। आरोपियों के कब्जे से डकैती के लिए लाई गई सामग्री जप्त की गई है।पुलिस के अनुसार, 30 सितंबर की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि एचआर रिसोर्ट बायपास सर्विस रोड के पास खाली मैदान में 4-5 व्यक्ति हथियारों से लैस होकर ए.बी. रोड बायपास पर पेट्रोल पंप पर डकैती डालने की योजना बना रहे हैं। सूचना पर थाना प्रभारी कनाडिया सहर्ष यादव के नेतृत्व में दो टीमों का गठन किया गया।घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपियों की पहचान राणा मकवाना (22), दीपक रघुवंशी (21), श्याम सोलंकी (18), सोहन (19) और श्याम (28) के रूप में हुई। तलाशी में आरोपियों के कब्जे से लोहे का दराता, मिर्ची पाउडर, पेंचकस, लोहे की टामी, हथौड़ी और सब्बल जप्त किए गए। पुलिस से बचने के लिए भागते समय गिरने से आरोपी राणा मकवाना के दाहिने हाथ में चोट भी आई है।आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 747/2026 धारा 310(4), 310(5) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। आरोपी राणा मकवाना के विरुद्ध पूर्व में भी लसूडिया और तेजाजीनगर थानों में अपराध पंजीबद्ध हैं।कार्रवाई में थाना प्रभारी सहर्ष यादव, उनि दीपक पालिया, उनि शिवलाल ठाकुर सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
इंदौर: बायपास पेट्रोल पंप पर डकैती की योजना बना रहे 5 आरोपी गिरफ्तार, हथियार जप्त
थाना कनाडिया पुलिस की गिरफ्त में डकैती की योजना बना रहे आरोपी। छायाचित्र: प्रदेश 24 न्यूज़
