Headlines

इंदौर में चेकिंग के दौरान स्कॉर्पियो ने पुलिसकर्मियों को रौंदा, 3 किमी पीछा कर दो आरोपी दबोचे

इंदौर ब्यूरो। शहर में पुलिस की रात की चेकिंग के दौरान एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मियों को टक्कर मार दी। शुक्रवार देर रात संयोगितागंज थाना क्षेत्र में हुई इस घटना में दोनों पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पीछा कर स्कॉर्पियो सहित दो युवकों को पकड़ लिया है।

स्टॉपर तोड़कर निकली गाड़ी

जानकारी के अनुसार, रात में पीसी सेठी अस्पताल से नवलखा की ओर जाने वाले मार्ग पर पुलिस की चेकिंग चल रही थी। तभी काले रंग की एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो आई, जिसे पुलिसकर्मियों ने रुकने का इशारा किया। लेकिन चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और लोहे का स्टॉपर तोड़ते हुए ड्यूटी पर तैनात हेड कॉन्स्टेबल राजेश मिश्रा और कॉन्स्टेबल लाल साहब को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों पुलिसकर्मी गंभीर घायल हो गए।

रात में टूटी पुलिस बैरिकेडिंग का सांकेतिक चित्रण
सांकेतिक तस्वीर

3 किलोमीटर पीछा कर पकड़े गए आरोपी

घटना के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने वायरलेस के जरिए वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने करीब तीन किलोमीटर तक स्कॉर्पियो का पीछा किया और तिलक नगर के पास घेराबंदी कर गाड़ी को रोक लिया। पुलिस ने मौके से चालक अनुज मीणा और उसके साथी शिवम को पकड़ लिया। स्कॉर्पियो पर बड़े अक्षरों में ‘दादा’ लिखा हुआ था। प्राथमिक जांच में दोनों का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है।

गंभीर धाराओं में केस दर्ज

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने और हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। स्कॉर्पियो को भी जब्त कर लिया गया है। इस घटना की जानकारी एडीसीपी राजेश दंडोतिया ने दी। उन्होंने बताया कि दोनों घायल पुलिसकर्मियों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

दैनिक संपूर्ण प्रदेश — आपका अपना अख़बार