इंदौर ब्यूरो। दिल्ली में चल रहे प्रदर्शन और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था का असर रेल यातायात पर भी पड़ा है। इंदौर से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को गुरुवार (9 अक्टूबर) को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा, जब रेलवे ने 4 ट्रेनों को निरस्त कर दिया और 2 ट्रेनों को पांच घंटे की देरी से चलाया। हालांकि शुक्रवार (10 अक्टूबर) को किसी ट्रेन के निरस्त होने की सूचना नहीं है, जिससे दिल्ली जाने वाले यात्रियों ने राहत की सांस ली है।

9 अक्टूबर को ये ट्रेनें रहीं निरस्त
रतलाम मंडल से मिली जानकारी के मुताबिक, 9 अक्टूबर को डॉ. अंबेडकर नगर से नई दिल्ली जाने वाली एक्सप्रेस, इंदौर से हजरत निजामुद्दीन जाने वाली स्पेशल एक्सप्रेस, इंदौर से नई दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस और बांद्रा टर्मिनस से हजरत निजामुद्दीन जाने वाली युवा एक्सप्रेस को निरस्त किया गया था। बांद्रा से चलने वाली युवा एक्सप्रेस रतलाम मंडल होकर दिल्ली जाती है।
2 ट्रेनें पांच घंटे लेट
इसके अलावा मुंबई सेंट्रल से नई दिल्ली जाने वाली तेजस राजधानी एक्सप्रेस और मुंबई सेंट्रल से हजरत निजामुद्दीन जाने वाली अगस्त क्रांति एक्सप्रेस को पांच घंटे की देरी से चलाया गया था।
रेलवे PRO मुकेश कुमार ने क्या बताया
रेलवे के PRO मुकेश कुमार के अनुसार दिल्ली में प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है, जिसका असर रेल यातायात पर पड़ा था। यात्रियों को सलाह दी जा रही है कि स्टेशन के लिए निकलने से पहले अपनी ट्रेन के समय की जानकारी जरूर ले लें, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

टिकट के पैसे का क्या होगा?
रेलवे ने निरस्त ट्रेनों के टिकट के पैसे रिफंड कराने की व्यवस्था की है। ऑनलाइन टिकट के पैसे स्वतः रिफंड हो जाएंगे, वहीं काउंटर से लिए गए टिकट को 72 घंटों के अंदर रिफंड करवाना होगा। इसके लिए रेलवे ने 9 अक्टूबर को रिजर्वेशन ऑफिस में एक विशेष काउंटर भी तैयार किया था।
आज राहत, लेकिन सतर्कता जरूरी
10 अक्टूबर को किसी ट्रेन के निरस्त होने की सूचना नहीं आई है, लेकिन दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था अभी भी कड़ी है। ऐसे में दिल्ली जाने वाले यात्री यात्रा से पहले रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या हेल्पलाइन से ट्रेन का स्टेटस जरूर जांच लें।
