Headlines

इंदौर में अतिक्रमण-अवैध कॉलोनियों पर ‘और तेज’ चलेगा अभियान, कलेक्टर ने लापरवाह अधिकारियों को चेताया

इंदौर कलेक्ट्रेट में टीएल समीक्षा बैठक (फोटो: सौजन्य — जनसंपर्क, मध्यप्रदेश)

इंदौर ब्यूरो। कलेक्टर शिवम वर्मा की अध्यक्षता में सोमवार को समय-सीमा पत्रों के निराकरण (टीएल) की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन समेत विभिन्न विभागों में लंबित समय-सीमा पत्रों और जनसमस्याओं के निराकरण की विभागवार समीक्षा की और अधिकारियों को तय समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासकीय भूमि से अतिक्रमण और अवैध कब्जा हटाने तथा अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध चल रहे अभियान को और अधिक तेज कर प्रभावी बनाया जाएगा।

सीएम हेल्पलाइन में लापरवाही पर होगी कार्रवाई

कलेक्टर वर्मा ने सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि हेल्पलाइन पर मिली शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण हो और आवेदकों को संतोषजनक समाधान मिले। उन्होंने रैंडम रूप से 5 प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा भी की। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए — अंत्यावसायी विकास निगम की सहायक ग्रेड-3 को शोकॉज नोटिस देने, राशन कार्ड संबंधी शिकायत की जांच कर दोषी अधिकारी पर कार्रवाई करने, नामांतरण न होने की शिकायत के निराकरण में लापरवाही पर विस्तृत जांच कराने, इंदौर विकास प्राधिकरण की एक शिकायत में संपदा अधिकारी तथा संपदा अधिकारी वर्ग-2 का पांच दिवस का वेतन काटने और कृषि महाविद्यालय में एक छात्र के आवास भत्ते संबंधी शिकायत के निराकरण में लापरवाही पर एल-1 अधिकारी को शोकॉज नोटिस देने के निर्देश दिए गए।

शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने के निर्देश

कलेक्टर ने शासकीय भूमि पर अतिक्रमण हटाने और अवैध कब्जे की गतिविधियों पर प्रभावी रोक के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई हो। साथ ही अवैध कॉलोनियों के विकास पर प्रभावी रोक लगाने और अवैध कॉलोनी विकसित करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए।

फायर सेफ्टी व्यवस्था का नियमित निरीक्षण हो

बैठक में जिले की फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा हुई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि संवेदनशील और सार्वजनिक स्थलों पर अग्नि सुरक्षा प्रबंधों का नियमित निरीक्षण किया जाए; जहां आवश्यक प्रबंध न मिलें, वहां नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि अग्नि सुरक्षा मानकों के पालन में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इंदौर कलेक्ट्रेट में टीएल समीक्षा बैठक (फोटो: सौजन्य — जनसंपर्क, मध्यप्रदेश) इंदौर कलेक्ट्रेट में समय-सीमा पत्रों के निराकरण की समीक्षा बैठक लेते कलेक्टर शिवम वर्मा। (फोटो: सौजन्य — जनसंपर्क, मध्यप्रदेश)

बैठक में इंदौर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. परीक्षित झाड़े, अपर कलेक्टर नवजीवन पवार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हिमांशु प्रजापति, वनमंडलाधिकारी सुधाकर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

स्रोत: जनसंपर्क, मध्यप्रदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

दैनिक संपूर्ण प्रदेश — आपका अपना अख़बार