₹21,000 देकर बुक करें, 6 अक्टूबर को लॉन्च

त्योहारी सीजन से ठीक पहले होंडा कार्स इंडिया ने अपनी लोकप्रिय मिड-साइज SUV एलिवेट के नए फेसलिफ्ट वर्जन की प्री-लॉन्च बुकिंग शुरू कर दी है। ग्राहक देशभर की अधिकृत होंडा डीलरशिप पर 21,000 रुपये की टोकन राशि देकर नई एलिवेट बुक करा सकते हैं। कंपनी ने साफ किया है कि फेसलिफ्ट एलिवेट पाने वाला भारत दुनिया का पहला बाजार होगा और इसकी आधिकारिक लॉन्चिंग 6 अक्टूबर 2026 को होगी।
एलिवेट को पहली बार सितंबर 2023 में लॉन्च किया गया था। करीब तीन साल के अंतराल के बाद अब इसे बड़ा अपडेट मिल रहा है। कंपनी ने नई एलिवेट का पहला टीजर भी जारी कर दिया है, जिसमें इसके बदले हुए फ्रंट डिजाइन की झलक दिख रही है।
डिजाइन में क्या-क्या बदलेगा
टीजर के मुताबिक फेसलिफ्ट मॉडल में सबसे बड़ा बदलाव नए LED लाइटिंग सेटअप के रूप में दिखेगा। इसमें कनेक्टेड DRLs और टेल-लैंप्स मिलेंगे, जबकि दोनों तरफ से आने वाले LED एलिमेंट बीच की ओर बढ़ते नजर आएंगे। इससे SUV को पहले से ज्यादा आधुनिक और प्रीमियम लुक मिलेगा।
इसके अलावा नई डिजाइन वाली ग्रिल, अपडेटेड बंपर और नए हेडलैंप्स भी इस फेसलिफ्ट का हिस्सा होंगे। एक अहम बदलाव यह भी है कि फ्रंट पर लगा होंडा का लोगो अब ग्रिल की जगह सीधे हुड पर नजर आएगा। नए डिजाइन के अलॉय व्हील्स मिलने की भी उम्मीद है। हालांकि कंपनी ने अभी तक कार के पूरे लुक का खुलासा नहीं किया है।
केबिन और फीचर्स में बड़े अपडेट की उम्मीद
केबिन में सबसे बड़ा बदलाव 10.25-इंच के बड़े इंफोटेनमेंट टचस्क्रीन के तौर पर हो सकता है। इसके अलावा फ्रंट वेंटिलेटेड सीट्स, 360-डिग्री कैमरा, डुअल-जोन ऑटो क्लाइमेट कंट्रोल और पैनोरमिक सनरूफ जैसे फीचर्स मिलने की संभावना जताई जा रही है। ADAS सुइट को भी अपग्रेड किया जा सकता है।
कंपनी के अनुसार नई एलिवेट में ग्राहकों की लंबे समय से मांगे जा रहे फीचर्स दिए जा रहे हैं और इसका डिजाइन पहले से ज्यादा बोल्ड रखा गया है। त्योहारी सीजन में यह फेसलिफ्ट क्रेटा-सेल्टॉस सेगमेंट में मुकाबले को और तेज कर सकती है।
फोटो: विकिमीडिया कॉमन्स
