
इंदौर ब्यूरो। इंदौर के होलकर साइंस कॉलेज में छात्र संगठनों के बीच टकराव का माहौल एक बार फिर गरमा गया है। गणपति विसर्जन के चल समारोह के दौरान हुई मारपीट के बाद सोमवार को दोनों पक्षों के कार्यकर्ता कॉलेज परिसर में आमने-सामने आ गए और जमकर नारेबाजी हुई। स्थिति को देखते हुए परिसर में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। कॉलेज प्रबंधन ने मारपीट की घटना को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए पहले ही सात विद्यार्थियों को निलंबित कर दिया है।
चल समारोह में बहस, फिर बेल्ट-डंडों से मारपीट
जानकारी के अनुसार, रविवार को कॉलेज परिसर में गणपति विसर्जन के उपलक्ष्य में चल समारोह निकाला जा रहा था। इसी दौरान दो छात्र गुटों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि करणी सेना और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। पार्किंग क्षेत्र में दोनों पक्षों के बीच बेल्ट और डंडों से मारपीट होने की बात सामने आई है।
इसके बाद विवाद कंप्यूटर लैब तक पहुंच गया, जहां दोबारा हाथापाई हुई। इस घटना में बीएससी और एमएससी के कुछ छात्र घायल हुए। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद कॉलेज प्रशासन हरकत में आया।
अनुशासन समिति की कार्रवाई: सात छात्र निलंबित
घटना के बाद कॉलेज प्रबंधन ने अनुशासन समिति की बैठक बुलाई। समिति ने उपलब्ध वीडियो फुटेज और प्राप्त शिकायतों की जांच के आधार पर कार्रवाई का फैसला लिया और सात विद्यार्थियों को निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि के दौरान इन छात्रों के कॉलेज परिसर में प्रवेश पर रोक रहेगी। कॉलेज की ओर से संबंधित छात्रों के ट्रांसफर सर्टिफिकेट उनके घर भेजे जाने की भी जानकारी दी गई है। मामले में एक पक्ष की ओर से भंवरकुआं थाने में शिकायत भी दर्ज कराई गई है।
सोमवार को फिर नारेबाजी, पुलिस तैनात

छात्रों का आरोप है कि कैंपस में दोनों संगठनों के कार्यकर्ता आए दिन विद्यार्थियों को धमकाते हैं और आपस में विवाद करते हैं। सोमवार को दोनों गुटों के फिर आमने-सामने आने और नारेबाजी के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया, जिसके बाद पुलिस को परिसर में तैनात किया गया। कॉलेज प्रशासन का कहना है कि कैंपस में अनुशासन बनाए रखने के लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
