नई दिल्ली ब्यूरो। एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने शनिवार को पाकिस्तान को 19 रन से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। जापान के निशिन स्थित कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए टी-20 फाइनल में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 211 रन बनाए, जिसके जवाब में पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 192 रन ही बना सकी।

अभिषेक-तिलक की आतिशी बल्लेबाजी
भारत के लिए अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा ने धमाकेदार बल्लेबाजी की। अभिषेक ने महज 28 गेंदों पर 61 रन ठोके, जिसमें 3 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। तिलक वर्मा ने 22 गेंदों पर 51 रनों की तेजतर्रार पारी खेली, जिसमें 3 चौके और 4 छक्के लगाए। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने 9 गेंदों पर 15 रन बनाए। कप्तान श्रेयस अय्यर ने 24 गेंदों पर 21 रन, ईशान किशन ने 18 गेंदों पर 20 रन और शिवम दुबे ने 15 गेंदों पर 27 रनों का योगदान दिया। इन पारियों की बदौलत भारत ने 211 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
हसन नवाज की पारी भी काम न आई
212 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम को शुरुआत से ही झटके लगे। हसन नवाज ने अकेले मोर्चा संभालते हुए 51 गेंदों पर 96 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 7 छक्के शामिल थे, लेकिन वह आखिरी गेंद पर आउट हो गए। सैम अयूब ने 29 और माज सदाकत ने 23 रनों का योगदान दिया। बाकी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके और टीम लक्ष्य से दूर रह गई।
भारतीय गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी की। अक्षर पटेल ने 4 ओवर में 29 रन देकर 2 विकेट झटके। वाशिंगटन सुंदर ने भी 4 ओवर में 29 रन देकर 2 विकेट हासिल किए, जबकि शिवम दुबे ने 3 ओवर में 33 रन देकर 2 विकेट लिए। अहम मौकों पर विकेट लेकर भारतीय गेंदबाजों ने पाकिस्तान की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
लगातार दूसरा गोल्ड
इस जीत के साथ भारत ने एशियन गेम्स में क्रिकेट का लगातार दूसरा स्वर्ण पदक जीत लिया। पाकिस्तान को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। कांस्य पदक श्रीलंका के नाम रहा, जिसने बांग्लादेश को 63 रन से हराया।
भारत-पाकिस्तान फाइनल को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह था और भारतीय खिलाड़ियों ने दबाव के पलों में शानदार प्रदर्शन कर देश को गौरवान्वित किया। एशियन गेम्स 2026 का आयोजन जापान के आइची-नागोया में हो रहा है।
