प्रकाश सोनकर व सुरेश ऐरन स्मृति अ.भा. फुटबॉल स्पर्धा
अंशु मावी की हैट्रिक की बदौलत आदिवासी-ए की दमदार जीत
आदिवासी यूनाइटेड व मालवा यूनाइटेड इंदौर भी जीते

इन्दौर 31 दिसंबर। सेन्ट्रल जिमखाना क्लब की मेजबानी में आयोजित प्रकाश सोनकर व सुरेश ऐरन स्मृति अखिल भारतीय मोयरा गोल्ड कप फुटबॉल स्पर्धा के चौथे दिन के हीरो अंशु मावी रहे, जिन्होंने अपनी टीम आदिवासी-ए के लिए दमदार खेल दिखाते हुए हैट्रिक लगाई और टीम को शानदार जीत दिलाई। वहीं आदिवासी यूनाइटेड व मालवा यूनाइटेड इंदौर ने भी जीत दर्ज कर अपना स्थान अगले दौर में सुनिश्चित किया।
नेहरू स्टेडियम के मैदान पर हजारों दर्शकों के मध्य खेली जा रही इस स्पर्धा के बुधवार को पहला मुकाबला आदिवासी यूनाइटेड और यूथ क्लब इंदौर के मध्य खेला गया। दोनों ही टीमें निर्धारित समय में कोई गोल नहीं कर सकी। दोनों टीमों के कई मौके बनाए, लेकिन कोई भी खिलाड़ी गेंद को गोल पोस्ट में नहीं डाल सका। फैसले के लिए टाइब्रेकर का सहारा लेना पड़ा, उसमें भी दोनों टीमें बराबरी पर रही, इसके बाद सडनडेथ में फैसला हुआ, जिसमें आदिवासी यूनाइटेड ने 6-5 से यूथ क्लब इंदौर को पराजित किया।
दिन का दूसरे मुकाबला एकतरफा रहा, जिसमें अंशु मावी की हैट्रिक की बदौलत आदिवासी-ए ने बालाजी क्लब महू को 3-0 से पराजित किया। आदिवासी-ए के लिए अंशु ने शुरुआत से ही बालाजी क्लब के गोल पोस्ट पर हमले शुरू कर दिए थे। पहला गोल उन्होंने 10वें मिनट में बालाजी क्लब के तीन खिलाड़ियों को छकाते हुए किया। इस गोल के बाद भी अंशु का धमाकेदार प्रदर्शन जारी रहा और 25वें मिनट में भी उम्दा तालमेल का प्रदर्शन करते हुए गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचाकर 2-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद 40वें मिनट में अंशु ने डी के बाहर से दमदार शॉट लगाते हुए गेंद को जाली में समा दिया। इस तरह आदिवासी-ए ने यह मुकाबला 3-0 से अपने नाम किया।
तीसरा मुकाबला मालवा यूनाइटेड इंदौर और यंग इंदौर रोड महू के मध्य खेला गया। जिसमें अंश सिरसिया के 25वें और निखिल के 40वें मिनट में किए मैदानी गोलों की बदौलत मालवा यूनाइटेड ने शानदार जीत दर्ज की। यंग इंदौर रोह महू की ओर से भी गोल के काफी प्रयास हुए, लेकिन टीम एक भी गोल नहीं कर सकी।
आज विभिन्न मैचों के दौरान कैलाश बुंदेला , गोविंद राठी, विधायक महेंद्र हार्डिया, रमेश मूलचंदानी, संजय लुणावत, हुकुम सोनी, के.के. गोयल, विष्णु बिंदल, पिल्लू कौशल, गिरधर काकाणी, मनोज काला ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। इस अवसर पर राजेन्द्र बडेरिया, भारत मथुरावाला, संदीप जैन, मोहन कप्तान, अतुल अग्रवाल, संजय विजयवर्गीय, अंजुम पटेल, आजाद पटेल, बसंत तापड़िया, हेमंत जैन, संजय कोठारी, संजय काला, मनोहर मस्ताना, शरद गोयल व अशोक जैन मौजूद थे।
गुरुवार को खेले जाने वाले मुकाबले :-
- खजराना इलेवन वि. इंदौर ब्लास्टर
- इंदौर स्पोर्ट्स क्लब वि. नेशनल क्लब महू
- यंग एस.एफ. बाजय वि. यंग ब्रदर्स महू
- राजमोहल्ला इलेवन वि. महू एकेडमी महू
- चैलेंजर्स यूनाइटेड वि. इंदौर स्ट्राइकर
