रिपोर्ट:अनुष्ठ चौहान

वाराणसी में लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर द्वारा निर्मित ऐतिहासिक मणिकर्णिका घाट के एक हिस्से को ध्वस्त किए जाने के विरोध में इंदौर में तीव्र जनाक्रोश देखने को मिला। शहर कांग्रेस के नेतृत्व में राजबाड़ा स्थित देवी अहिल्या प्रतिमा के समक्ष विशाल मौन धरना आयोजित किया गया।
पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता सज्जन सिंह वर्मा ने इसे सनातन आस्था और भारतीय संस्कृति पर सीधा हमला बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार विकास के नाम पर ऐतिहासिक धरोहरों को नष्ट कर रही है। वहीं शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर काशी की विरासत को कुचलने का आरोप लगाया।
कांग्रेस ने इस कार्रवाई पर तत्काल रोक, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और देवी अहिल्या की धरोहर के संरक्षण की मांग की। धरने में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
