दमोह ब्यूरो। मध्यप्रदेश सरकार की मंत्रिपरिषद की बैठक आज, सोमवार को दमोह जिले के जबेरा विधानसभा क्षेत्र के सिंग्रामपुर में आयोजित हो रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में सरकार के सभी मंत्री शामिल होंगे। यह बैठक वीरांगना रानी दुर्गावती को समर्पित रहेगी।

सिंग्रामपुर वही ऐतिहासिक क्षेत्र है, जो रानी दुर्गावती का कार्यक्षेत्र रहा है। यहां उनका प्रसिद्ध सिंगौरगढ़ किला स्थित है। दमोह जिले के इतिहास में यह पहला अवसर है, जब किसी विधानसभा क्षेत्र में राज्य सरकार की कैबिनेट बैठक आयोजित की जा रही है।
मंत्री ने किया तैयारियों का निरीक्षण
बैठक की तैयारियों का जायजा लेने के लिए पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी ने सोमवार को सिंग्रामपुर में स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने खेल मैदान, वीरांगना रानी दुर्गावती की प्रतिमा स्थल और गुबरा में बनाए गए हेलीपैड स्थल का अवलोकन कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
राज्यमंत्री ने कहा कि जबेरा विधानसभा के सिंग्रामपुर में कैबिनेट बैठक का आयोजन क्षेत्र के लिए सौभाग्य का विषय है। इस दौरान दमोह कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर, पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी, जिला पंचायत के सीईओ अर्पित वर्मा, डीएफओ एमएस उइके, एडिशनल एसपी संदीप मिश्रा, एसडीएम अविनाश रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कल सोयाबीन पर होगी अहम बैठक
वहीं सोयाबीन किसानों के लिए भी अहम जानकारी सामने आई है। सोयाबीन के भाव तय करने और बोनस देने को लेकर मंगलवार को मंत्रालय में बैठक होनी है। यह बैठक सुबह 11 बजे आयोजित होगी। सूत्रों के अनुसार बैठक में अक्टूबर के अंत से शुरू होने वाली सोयाबीन खरीदी और उससे पहले पंजीयन के प्रस्ताव पर भी चर्चा होगी। केंद्र सरकार ने राज्य सरकार को 13.16 लाख टन सोयाबीन खरीदी का लक्ष्य दिया है।
फोटो: ANI
