भोपाल ब्यूरो। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पशुपालकों के लिए बड़ी घोषणा की है। गोवर्धन पूजा (दिवाली के दूसरे दिन) पर पशुपालकों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश के सभी 313 विकासखंडों में पशु प्रतियोगिता कराई जाएगी। प्रत्येक विकासखंड में चयनित वृंदावन ग्राम में उन्नत पशुपालकों के पशुओं की प्रतियोगिता होगी, जिसमें प्रथम विजेता पशुपालक को एक लाख रुपये, द्वितीय को 50,000 रुपये और तृतीय को 25,000 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने यह घोषणा शनिवार को भोपाल के भेल दशहरा मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय गौपालक सम्मेलन के दौरान की। उन्होंने कहा कि पशुपालकों के प्रोत्साहन के लिए यह प्रतियोगिता हर साल कराई जाएगी, ताकि उन्नत पशुपालन को बढ़ावा मिले और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत हो।
उल्लेखनीय है कि सम्मेलन में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। कार्यक्रम के दौरान गौपालक दीदियों का सम्मान किया गया, गौशालाओं को सिंगल क्लिक से सहायता राशि का वितरण हुआ और दुग्ध सहकारी समितियों के सदस्यों को कुल 15.1 करोड़ रुपये का लाभांश बांटा गया।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के लिए राज्य परिवहन बस सेवा फिर से शुरू की जाएगी, जिससे गांवों से शहरों तक की कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
