Headlines

₹5547.99 करोड़ की फसल खरीद को मंजूरी: यूपी, तेलंगाना, कर्नाटक में दलहन-तिलहन की MSP खरीद

खेत में सोयाबीन की कटाई करता किसान

नई दिल्ली ब्यूरो। किसानों के हित में बड़ा फैसला लेते हुए केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने खरीफ विपणन सीजन 2026-27 के लिए मूल्य समर्थन योजना (PSS) के अंतर्गत ₹5,547.99 करोड़ की MSP खरीददारी का अनुमोदन दिया है।

इस स्वीकृति से उत्तर प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक में प्रमुख दलहन और तिलहन फसलों की बंपर खरीद होगी। उद्देश्य है कि किसानों को बाज़ार में भाव गिरने से सुरक्षा मिले और उन्हें उपज का लाभकारी मूल्य मिल सके।

राज्यवार खरीद का ब्योरा

उत्तर प्रदेश — ₹3,992.57 करोड़: 4,66,000 मीट्रिक टन तुअर (₹3,937.70 करोड़) और 6,250 मीट्रिक टन मूंग (₹54.87 करोड़)।

कर्नाटक — ₹1,107 करोड़: 1,15,500 मीट्रिक टन सोयाबीन (₹659.27 करोड़), 38,250 मीट्रिक टन मूंग (₹335.83 करोड़) और 13,413 मीट्रिक टन सूरजमुखी (₹111.90 करोड़)।

तेलंगाना — ₹448.42 करोड़: 62,000 मीट्रिक टन सोयाबीन (₹353.90 करोड़) और 10,766 मीट्रिक टन मूंग (₹94.52 करोड़)।

खेत में सोयाबीन की कटाई करता किसान
फोटो: विकिमीडिया कॉमन्स

केंद्रीय कृषि मंत्री ने क्या कहा

“प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार किसानों के कल्याण, उनकी आय में वृद्धि और कृषि क्षेत्र को आत्मनिर्भर बनाने के लिए पूरी निष्ठा से काम कर रही है। सरकार का स्पष्ट संकल्प है कि अन्नदाता को उसकी उपज का उचित दाम मिले और इसके लिए खरीद तंत्र को पहले से अधिक पारदर्शी एवं सुगम बनाया जा रहा है।”

“केंद्र सरकार द्वारा उठाया गया यह कदम न केवल किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करेगा, बल्कि देश में दलहन और तिलहन के उत्पादन को बढ़ावा देकर भारत को खाद्य तेलों और दालों के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने में भी मील का पत्थर साबित होगा।”

उन्होंने आश्वस्त किया कि सभी उपार्जन केंद्रों पर खरीद की व्यवस्थाएं पारदर्शी रहेंगी और किसानों को उनकी उपज की राशि का भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में समयबद्ध तरीके से किया जाएगा।

सौजन्य: PIB / भारत सरकार (रिलीज़ आईडी: 2316874, 30 सितंबर 2026)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

दैनिक संपूर्ण प्रदेश — आपका अपना अख़बार