आधी रात 250 पुलिस का धावा! मझगांव बांध सत्याग्रह पर बड़ी कार्रवाई — दो महिला नेता हिरासत में, ग्रामीणों ने घेरा थाना
पन्ना ब्यूरो। पूर्ण मुआवजे और पुनर्वास की मांग को लेकर पिछले 16 दिनों से चल रहे मझगांव बांध सत्याग्रह पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। आंदोलन स्थल पर कई थानों के 200 से 250 पुलिसकर्मियों ने दबिश देकर सत्याग्रह की अगुवाई कर रहीं दो महिला नेताओं को हिरासत में ले लिया। कार्रवाई के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
आधी रात को हुई दबिश, घसीटने का आरोप
आंदोलन कर रहे ग्रामीणों का आरोप है कि बड़ी संख्या में पुलिस बल आधी रात को आंदोलन स्थल पहुंचा और दबिश दी। इस दौरान सत्याग्रह का नेतृत्व कर रहीं दोनों महिला नेताओं को कथित तौर पर घसीटकर हिरासत में लिया गया। विरोध करने पर हुए लाठीचार्ज में कुछ महिलाओं के घायल होने का भी दावा किया गया है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुलिस पर बर्बरता का आरोप लगाया गया है।
सांकेतिक तस्वीर। फोटो: पीपुल्स आर्काइव ऑफ रूरल इंडिया
पुलिस का दावा — गंभीर मामलों में थीं फरार
वहीं पुलिस का कहना है कि हिरासत में ली गई दोनों महिला नेताओं के खिलाफ छतरपुर जिले के किशनगढ़ थाने में हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं और वे काफी समय से फरार चल रही थीं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी के दौरान भीड़ ने आरोपियों को छुड़ाने के लिए पुलिस टीम पर हमले की कोशिश भी की। आंदोलनकारियों ने यह भी आरोप लगाया है कि कार्रवाई के दौरान बिना वर्दी में डंडे लिए कुछ लोग भी पुलिस के साथ थे।
रात में ही चौकी का घेराव, तनाव बरकरार
कार्रवाई से आक्रोशित ग्रामीणों ने रात में ही हनुमतपुर चौकी का घेराव कर जोरदार नारेबाजी की। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक पूर्ण मुआवजा और पुनर्वास नहीं मिलता, वे पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। फिलहाल क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात है और माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। मझगांव बांध परियोजना के विस्थापित पिछले कई दिनों से उचित मुआवजे की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं।
