नई दिल्ली ब्यूरो। दिल्ली के तिलक नगर में सड़क निरीक्षण के दौरान हुए थप्पड़ कांड को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पार्टी आज (29 सितंबर) आईटीओ स्थित दिल्ली पुलिस मुख्यालय के सामने प्रदर्शन करेगी और मंत्री के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग करेगी। इस प्रदर्शन में पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
क्या है पूरा मामला

27 सितंबर को तिलक नगर में सड़क के मुआयने पर गए लोक निर्माण मंत्री प्रवेश वर्मा का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वह वीडियो बना रहे एक युवक का मोबाइल नीचे करते और फिर उसे थप्पड़ मारते दिख रहे हैं। उस समय AAP विधायक जरनैल सिंह हाथों से सड़क उखाड़कर निर्माण में धांधली का आरोप लगा रहे थे। वीडियो वायरल होने के बाद से ही AAP नेता और कार्यकर्ता मंत्री से माफी की मांग कर रहे हैं।
AAP की मांग, केजरीवाल का हमला
AAP का आरोप है कि थप्पड़ मारने वाले मंत्री के खिलाफ पुलिस पीड़ित की शिकायत दर्ज नहीं कर रही है। 28 सितंबर को केजरीवाल खुद तिलक नगर पहुंचे और सड़क की गुणवत्ता को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए मंत्री को बर्खास्त और गिरफ्तार करने तथा जनता से माफी मांगने की मांग की।
मंत्री का पक्ष
वहीं, मंत्री प्रवेश वर्मा ने पूरे घटनाक्रम पर अपना पक्ष रखते हुए AAP नेताओं पर सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मौके पर मौजूद AAP कार्यकर्ताओं ने उनके परिवार के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल किया, जिसके बाद विवाद बढ़ा। उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि सरकारी विकास कार्यों में रुकावट डालना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
