Headlines

दिल्ली के मंत्री पर युवक को थप्पड़ मारने का आरोप: सड़क निरीक्षण के दौरान वीडियो बनाने पर भड़के, AAP ने वीडियो किया वायरल

दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा

दिल्ली में सड़क निर्माण कार्य के निरीक्षण के दौरान दिल्ली सरकार के एक मंत्री विवादों में घिर गए हैं। आरोप है कि निरीक्षण के दौरान वीडियो बना रहे एक युवक को मंत्री ने थप्पड़ मार दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके बाद आम आदमी पार्टी ने मंत्री पर निशाना साधा है।

घटना के वायरल वीडियो के दृश्य। फोटो: लल्लूराम

सड़क की गुणवत्ता पर उठे थे सवाल

जानकारी के अनुसार मंत्री तिलक नगर इलाके में चल रहे सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इसी दौरान स्थानीय विधायक भी अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंच गए और सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाने लगे। विधायक ने हाथ से सड़क की परत उठाकर मंत्री को दिखाई। देखते ही देखते दोनों नेताओं और उनके समर्थकों के बीच तीखी बहस छिड़ गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

वीडियो बना रहे युवक को थप्पड़ मारने का आरोप

इसी दौरान वहां मौजूद एक युवक अपने मोबाइल फोन से पूरी घटना का वीडियो बनाने लगा। आरोप है कि उठते सवालों और वीडियो बनते देख मंत्री ने गुस्से में आकर वीडियो रिकॉर्ड कर रहे युवक को थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद युवक भी मंत्री से भिड़ गया, हालांकि मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उसे दूर हटा दिया। सड़क पर हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

थाने पहुंची आम आदमी पार्टी

घटना के बाद आम आदमी पार्टी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर दो वीडियो साझा कर मंत्री और दिल्ली सरकार पर निशाना साधा। पार्टी का आरोप है कि सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार के सवाल उठने पर मंत्री ने युवक को पीटा। पार्टी के वरिष्ठ नेता अरविंद केजरीवाल ने मंत्री की गिरफ्तारी की मांग की है। कांग्रेस भी इस मुद्दे पर सरकार को घेर रही है। स्थानीय विधायक मंत्री के खिलाफ विकासपुरी थाने में शिकायत दर्ज कराने पहुंचे हैं। वायरल वीडियो को लेकर राजनीतिक हलकों में तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

फोटो: लल्लूराम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

दैनिक संपूर्ण प्रदेश — आपका अपना अख़बार