इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार शाम होटल शेरेटन, इंदौर में हिंदू इकोनॉमिक फोरम के इंदौर चैप्टर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर ‘अर्थ अभ्युदय’ विषय पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने उद्योगपतियों को प्रदेश की उद्योग नीति और औद्योगिक विकास के प्रति शासन की प्रतिबद्धता से अवगत कराया।
कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट सहित विधायकगण, संभागायुक्त, पुलिस आयुक्त, कलेक्टर और बड़ी संख्या में उद्यमी व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

सस्ती बिजली, ज्यादा रोजगार
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश आज उन क्षेत्रों में अग्रणी है, जो उद्योगों के लिए सबसे आवश्यक हैं। प्रदेश में सरप्लस बिजली के साथ पर्याप्त लैंड बैंक उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पानी पर सोलर पैनल से भी बिजली बनाई जा रही है और पानी से एनर्जी के स्रोत मजबूत हुए हैं। धार्मिक पर्यटन के साथ मेडिकल टूरिज्म जैसे नए सेक्टर पर लगातार काम हो रहा है।
प्रति व्यक्ति आय 1.67 लाख
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2002-03 में प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय लगभग 11 हजार रुपये थी, जो 2022 तक 1 लाख 40 हजार और 2026 में 1 लाख 67 हजार रुपये हो गई। उन्होंने कहा कि 10 से 12 वर्ष का समय बड़ा नहीं होता, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आर्थिक ग्रोथ बढ़ाकर विकास के पहिये को गति दी।
एमओयू जमीन पर उतर रहे
मुख्यमंत्री ने कहा कि औद्योगिक विकास के लिए अब तक हुए एमओयू को जमीन पर उतारने में सफलता मिल रही है। शासन की मंशा उद्योगों के लिए बेहतर वातावरण तैयार करने और अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की है।
कार्यक्रम में भारत सरकार के मुख्य आर्थिक सलाहकार वी. अनंता नागेश्वरन ने कहा कि देश की विकास दर 7.8 प्रतिशत है और इसमें और वृद्धि की संभावना है। फोरम के प्रमुख विज्ञानान्द ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में बताया गया कि वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस का चौथा आयोजन 18 से 20 दिसंबर 2026 तक मुंबई में होगा।
फोटो: प्रदेश 24 न्यूज़
