उज्जैन। श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन करने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को अब मंदिर समिति की ओर से निःशुल्क प्रसाद मिलेगा। दर्शन के पश्चात दो निकास द्वारों पर विशेष काउंटर स्थापित किए गए हैं, जहां बाबा को भोग अर्पित करने के उपरांत प्रतिदिन प्रसाद का वितरण किया जाएगा। इससे श्रद्धालुओं को दर्शन के साथ-साथ बाबा के दिव्य प्रसाद का भी सौभाग्य मिलेगा।
दशकों पुरानी परंपरा की वापसी
मंदिर समिति के अनुसार यह व्यवस्था दशकों पुरानी परंपरा की वापसी है। कभी चिरौंजी और मूंगफली के दानों से प्रसादी की शुरुआत हुई थी, और अब नए कलेवर में मंदिर प्रशासन इस परंपरा को पुनः जीवंत कर रहा है। समय के साथ यह व्यवस्था बंद हो गई थी, परंतु श्रद्धालुओं की भावनाओं को देखते हुए इसे नए सिरे से शुरू किया जा रहा है।
इस नई व्यवस्था को लेकर श्रद्धालुओं में खुशी और उत्साह का माहौल है। दर्शन के पश्चात प्रसाद ग्रहण करना प्रत्येक भक्त की आस्था का अहम हिस्सा है, और अब हर दर्शनार्थी को यह सौभाग्य सुलभ होगा। मंदिर समिति का यह कदम बाबा महाकाल की कृपा को हर श्रद्धालु तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
