Headlines

विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर महारानी लक्ष्मीबाई कन्या महाविद्यालय में विविध गतिविधियां आयोजित

विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर कॉलेज छात्रों का जागरूकता कार्यक्रम मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम। (सांकेतिक तस्वीर)

इंदौर ब्यूरो। शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय किला भवन, इंदौर में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर मनोविज्ञान विभाग एवं महाविद्यालयीन मानसिक स्वास्थ्य समिति के संयुक्त तत्वावधान में विभिन्न रचनात्मक, मनोरंजक एवं जागरूकतापरक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, तनाव प्रबंधन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना तथा भावनात्मक कल्याण को प्रोत्साहित करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. बी. डी. श्रीवास्तव की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी श्री वी.पी. बैरागी एवं आई.क्यू.ए.सी. प्रभारी डॉ. मनीषा जोशी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व को समझने तथा दैनिक जीवन में सकारात्मक सोच, आत्म-अभिव्यक्ति और तनाव प्रबंधन के विभिन्न तरीकों से परिचित होने का अवसर मिला।

रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन

आयोजन के अंतर्गत टाइम मशीन गतिविधि, संगीत के साथ ध्यान (म्यूजिक मेडिटेशन), जॉय विद डांस, मानसिक स्वास्थ्य विषयक मूवी क्लब तथा चित्रकला प्रतियोगिता एवं प्रदर्शनी आयोजित की गई। टाइम मशीन गतिविधि के माध्यम से छात्राओं ने अपने जीवन के अनुभवों एवं सुखद स्मृतियों से जुड़कर आत्मचिंतन किया। म्यूजिक मेडिटेशन के माध्यम से मानसिक शांति और विश्राम का अनुभव कराया गया, जबकि जॉय विद डांस गतिविधि में छात्राओं ने संगीत एवं नृत्य के माध्यम से आनंद और सकारात्मक भावनाओं की अभिव्यक्ति की। वहीं, मूवी क्लब के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े विषयों के प्रति जागरूकता विकसित करने का प्रयास किया गया।

चित्रकला प्रतियोगिता में परी गरोलिया प्रथम

विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता एवं प्रदर्शनी में छात्राओं ने आशा, सकारात्मक जीवन-दृष्टि, आत्महत्या की रोकथाम तथा सहयोगी समाज जैसे महत्वपूर्ण विषयों को रंगों और आकृतियों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। प्रतियोगिता का निर्णयन डॉ. एस. के. छारी द्वारा किया गया। प्रतियोगिता में परी गरोलिया ने प्रथम, कुसुम सारेल ने द्वितीय तथा वैशाली राजपूत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता छात्राओं की रचनात्मकता एवं संवेदनशील अभिव्यक्ति की सराहना की गई।

कार्यक्रम का समन्वय मनोविज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. आशा ओझा तथा महाविद्यालयीन मानसिक स्वास्थ्य समिति के सदस्य डॉ. अमित कुमार सोनी एवं डॉ. शुभी परिहार द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संचालन छात्रा निधि पुरोहित एवं प्रीति शर्मा ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि मानसिक स्वास्थ्य केवल मानसिक समस्याओं से मुक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति के आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच, सामाजिक जुड़ाव, रचनात्मकता और समग्र कल्याण का भी महत्वपूर्ण आधार है। कला, संगीत, नृत्य एवं सामूहिक सहभागिता जैसी गतिविधियां मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा जीवन में सकारात्मकता को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

फोटो: सांकेतिक तस्वीर।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

दैनिक संपूर्ण प्रदेश — आपका अपना अख़बार