1 अक्टूबर से कोर जोन में पर्यटन गतिविधियां फिर शुरू
मंडला ब्यूरो। मानसून की विदाई के साथ मध्यप्रदेश के टाइगर रिजर्वों में सफारी सीजन का आगाज हो गया है। 1 अक्टूबर से कान्हा टाइगर रिजर्व के कोर जोन में पर्यटन गतिविधियां फिर शुरू हो गई हैं। पर्यटक खटिया, मुक्की और सरही — तीनों प्रवेश द्वारों से कोर क्षेत्र में प्रवेश कर सकेंगे।
खटिया प्रवेश द्वार पर फील्ड डायरेक्टर ने हरी झंडी दिखाकर पर्यटक वाहनों को रवाना किया। इस मौके पर खेल जगत की जानी-मानी हस्तियां नीरज चोपड़ा, गगन नारंग और इलावेनिल वेलारेवीन मौजूद रहीं। मुक्की द्वार पर डिप्टी डायरेक्टर ने पर्यटन गतिविधियों का शुभारंभ किया, जबकि सरही द्वार पर भी गतिविधियां शुरू हो गईं। तीनों द्वारों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए।
पेंच में 79 बाघ और 15 शावक, पिछले सीजन में 2.17 लाख पर्यटक
पेंच टाइगर रिजर्व का कोर क्षेत्र भी पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है। यहां 79 बाघ और 15 शावकों की मौजूदगी दर्ज है। पिछले पर्यटन सीजन में पेंच में 2.17 लाख पर्यटक पहुंचे थे, जो इस रिजर्व की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है।
वन्यजीव संरक्षण सप्ताह का आगाज, रोजगार की उम्मीदें
1 से 7 अक्टूबर तक वन्यजीव संरक्षण सप्ताह भी मनाया जा रहा है। अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और पर्यटकों ने वन और वन्यजीवों के संरक्षण का संकल्प लिया और वन्यजीवों व उनके प्राकृतिक आवासों की रक्षा में योगदान का संकल्प व्यक्त किया।
पर्यटन सीजन से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी रफ्तार मिलने की उम्मीद है। ज्यादा पर्यटकों के आने से स्थानीय गाइड, वाहन चालकों, होमस्टे, होटल और रिसॉर्ट संचालकों को लाभ मिलेगा। प्रबंधन को आशा है कि इस सीजन में स्थानीय समुदाय को व्यापक आर्थिक और रोजगार संबंधी लाभ मिलेंगे।
