इंदौर, दिनांक 06 अक्टूबर 2026। शहरी गरीबी उपशमन प्रकोष्ठ प्रभारी श्री मनीष शर्मा ‘मामा’ ने बताया कि शहरी गरीब एवं श्रमिक वर्ग को सुलभ दर पर गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित दीनदयाल रसोई योजना के अंतर्गत आज नगरीय प्रशासन मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने स्कीम नंबर 51, मजदूर चौक, संगम नगर स्थित दीनदयाल रसोई चलित केंद्र का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने रसोई केंद्र की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा जरूरतमंद नागरिकों एवं श्रमिकों को स्वयं भोजन परोसा। उन्होंने कहा कि दीनदयाल रसोई योजना शासन की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है। इसके माध्यम से इंदौर शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में कार्यरत श्रमिकों तथा जरूरतमंद नागरिकों को बहुत कम कीमत पर स्वादिष्ट एवं स्वास्थ्यवर्धक भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।
इस अवसर पर शहरी गरीबी उपशमन प्रकोष्ठ प्रभारी श्री मनीष शर्मा ‘मामा’ एवं पार्षद श्री पराग कौशल सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
