इंदौर। पितृपक्ष के पुण्य अवसर पर आरएसएस, भाजपा के वरिष्ठ जनसेवकों, वीर शहीदों, सैनिकों, पुलिसकर्मियों एवं पत्रकारों को श्रद्धांजलि स्वरूप समर्पित मोक्षदायनी श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में किया जा रहा है। कथा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का श्रवण कर रहे हैं।
आयोजक मनीष शर्मा (मामा) के संयोजन में आयोजित कथा में श्रीधाम वृंदावन से पधारे कथा व्यास आचार्य श्री मनीष जी महाराज ने भागवत के प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया। कथा के दौरान बाल कृष्ण की मनमोहक बाल लीलाओं, गोवर्धन पूजा, होली उत्सव एवं छप्पन भोग का आयोजन किया गया। भक्ति और उल्लास से सराबोर श्रद्धालुओं ने भजनों के साथ भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का आनंद लिया।

कथा में मंत्री तुलसीराम सिलावट भी पहुंचे और उन्होंने भागवत कथा का श्रवण कर संतों का आशीर्वाद लिया। इसके साथ ही इंदौर शहर के पार्षदों सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने कथा में उपस्थित होकर धर्मलाभ लिया। आशा विजयवर्गीय ने भगवान की आरती कर सभी के सुख-समृद्धि एवं मंगल की कामना की।

कथा स्थल पर आयोजित गोवर्धन पूजा और छप्पन भोग विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण एवं गोवर्धन महाराज की पूजा-अर्चना कर परिवार एवं समाज की सुख-शांति की प्रार्थना की। वहीं होली उत्सव के दौरान पूरा कथा पंडाल भक्तिमय वातावरण में रंग गया।
आयोजक मनीष शर्मा (मामा) ने कहा कि पितृपक्ष के अवसर पर आयोजित यह कथा उन सभी वरिष्ठ जनसेवकों, वीर शहीदों, सैनिकों, पुलिसकर्मियों एवं पत्रकारों को श्रद्धांजलि स्वरूप समर्पित है, जिन्होंने समाज और राष्ट्र के लिए अपना योगदान दिया। कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को सनातन संस्कृति, भक्ति और धर्म के संदेश से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
