
एम.के.एच.एस. गुजराती कन्या महाविद्यालय में नृत्य एवं संगीत से सजी सांस्कृतिक संध्या “स्पंदन” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने अपनी कला से भारतीय संस्कृति की विविधता और नारी सशक्तिकरण का प्रभावशाली संदेश दिया।
मुख्य अतिथि विधायक महेन्द्र हार्डिया ने कहा कि “स्पंदन केवल धड़कन नहीं, बल्कि जीवन और सृजन का प्रतीक है। यह संस्थान शिक्षा के साथ-साथ नारी सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व निर्माण का केंद्र है।”
उन्होंने कहा कि आज की बेटियाँ केवल भविष्य ही नहीं, बल्कि वर्तमान की भी नेतृत्वकर्ता हैं।
पूर्व अध्यक्ष हरिभाई पटेल ने छात्राओं पर विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि वे ज्ञान और संस्कार के बल पर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाएंगी।
श्री गुजराती समाज, इंदौर के अध्यक्ष दीपकभाई जे. सोनी ने कहा कि बेटियों को केवल पंख नहीं, बल्कि उड़ान के लिए पूरा आकाश देना होगा, यही सशक्त भारत की नींव है।
मानद महामंत्री पंकजभाई संघवी ने समाज के 102 वर्षों के शैक्षणिक और नैतिक योगदान को रेखांकित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ। अतिथियों का स्वागत चेयरमेन श्री रमेशभाई शाह, डब्ल्यू.वी.आई. कन्वीनर श्री दिनेशभाई गोसलिया, प्राचार्य डॉ. गोविन्द सिंघल एवं प्रशासनिक अधिकारी डॉ. राकेश मुंजे ने किया। स्वागत उद्बोधन श्री रमेशभाई शाह एवं वार्षिक प्रतिवेदन का वाचन डॉ. गोविन्द सिंघल ने किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में राजस्थानी घूमर, पंजाबी भांगड़ा, गुजराती डांडिया सहित आधुनिक गीतों पर छात्राओं की प्रस्तुतियों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर श्री गुजराती समाज के पदाधिकारी, विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
नृत्य प्रतियोगिता की निर्णायक मंडल में श्रीमती तृप्तिबेन मोदी, श्रीमती नीताबेन शाह, श्रीमती निकिताबेन शाह, सुश्री काव्या शाह एवं डॉ. सुवर्णा कपूर शामिल रहीं।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. अंजू भट्ट एवं डॉ. सविता अग्रवाल ने किया तथा आभार प्रदर्शन दिनेशभाई गोसलिया ने किया।
