वार्ड 49 में पहुँचे महापौर, नागरिकों से किया सीधा संवाद

माननीय मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार इंदौर नगर निगम द्वारा शहर के प्रत्येक वार्ड में संचालित “संकल्प से समाधान अभियान” के अंतर्गत मंगलवार को वार्ड क्रमांक 49 (महावीर बाग, तिलक नगर स्थित पानी की टंकी परिसर) में शिविर एवं जल सुनवाई का आयोजन किया गया। इस शिविर में महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने सहभागिता कर नागरिकों की समस्याएं स्वयं सुनीं।
महापौर भार्गव ने कहा कि शासन का उद्देश्य है कि जनकल्याणकारी योजनाओं और नागरिक सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध, पारदर्शी और सुचारू रूप से पहुँचे। इसी उद्देश्य से संकल्प से समाधान अभियान के तहत झोनवार और वार्डवार शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। साथ ही जल से जुड़ी समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए नगर के सभी वार्डों में प्रत्येक मंगलवार को जल सुनवाई आयोजित की जा रही है।
जल सुनवाई के दौरान नागरिकों ने पानी की अनियमित आपूर्ति, दूषित जल आने और पुरानी जलप्रदाय लाइनों के कारण उत्पन्न हो रही समस्याओं से महापौर को अवगत कराया। महापौर ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित झोनल अधिकारियों को निर्देश दिए कि दूषित जल आपूर्ति की समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।
महापौर ने अधिकारियों को आवश्यकतानुसार पुरानी जलप्रदाय लाइनों को बदलकर नर्मदा जल लाइन से जोड़ने की कार्यवाही शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्रवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित और नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि नागरिकों से संवाद ही समस्याओं के स्थायी समाधान का माध्यम है।
इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद एवं महापौर परिषद सदस्य राजेश उदावत, महापौर प्रतिनिधि विवेक सिंहा, संबंधित झोनल अधिकारी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
