रिपोर्ट अनुष्ठ चौहान

इंदौर 18 जनवरी 2025 को होलकर स्टेडियम में आयोजित होने वाले भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे क्रिकेट मैच के मद्देनज़र, शहर में सुचारू और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस ने विशेष तैयारी की है।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध एवं मुख्यालय) राजेश कुमार सिंह एवं पुलिस उपायुक्त (यातायात) आनंद कलादगी ने मैच के दौरान की जाने वाली यातायात व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों और कर्मचारियों की विस्तृत ब्रीफिंग ली।
ब्रीफिंग के दौरान पार्किंग व्यवस्था, यातायात डायवर्जन, प्रमुख चौराहों और ड्यूटी पॉइंट्स का निरीक्षण किया गया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि दर्शकों और आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखा जाए।

नो-पार्किंग क्षेत्रों में वाहनों के खड़े होने पर क्रेन सपोर्ट सिस्टम और अनाउंसमेंट टीम लगातार निगरानी रखेगी। साथ ही, दर्शकों की सुविधा के लिए निर्धारित पार्किंग स्थलों तक मार्गदर्शन हेतु सूचना बोर्ड भी लगाए जाएंगे।
यातायात अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्टेडियम के आसपास के प्रतिबंधित क्षेत्रों में 18 जनवरी को सुबह 11:00 बजे से डायवर्जन लागू कर दिया जाएगा। इसके बाद केवल पैदल दर्शक, टिकटधारी और पासधारी वाहनों को ही प्रवेश की अनुमति रहेगी।
सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से पालन करें और आमजन से विनम्र व्यवहार बनाए रखें, ताकि मैच के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
