भागीरथपुरा में राहुल गांधी ने पीड़ित परिवारों से की मुलाकात, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग

रिपोर्ट अनुष्ठ चौहान

भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी से हुई दर्दनाक मौतों के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने परिजनों का हालचाल जाना और कहा कि यह घटना प्रशासन की घोर लापरवाही का परिणाम है।
राहुल गांधी ने मृतकों के परिवारों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाते हुए कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को सड़क से सदन तक उठाएगी। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि इस हादसे के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाए।
इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। पीड़ितों ने राहुल गांधी के सामने अपनी समस्याएं रखीं और प्रशासनिक उदासीनता पर नाराजगी जताई। राहुल गांधी ने कहा कि आम जनता की जान से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


स्थानीय लोगों ने बताया कि लंबे समय से क्षेत्र में दूषित पानी की शिकायतें की जा रही थीं, लेकिन जिम्मेदार विभाग ने इस पर ध्यान नहीं दिया। राहुल गांधी ने कहा कि इस घटना की न्यायिक जांच होनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी त्रासदी दोबारा न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *