
इंदौर।
मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित होने वाला बहुप्रतीक्षित मांडू उत्सव इस वर्ष जनवरी के अंतिम सप्ताह से शुरू होने जा रहा है। उत्सव के साथ ही मांडू में टेंट सिटी भी विकसित की जा रही है, जो पर्यटकों के लिए खास आकर्षण रहेगी। पर्यटन विभाग ने इसकी तैयारियां तेज कर दी हैं।
पर्यटन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, पिछले तीन वर्षों से मांडू उत्सव आयोजित नहीं हो पाया था, लेकिन इस बार एजेंसी तय होते ही तैयारियों को गति दे दी गई है। विभाग का दावा है कि जनवरी अंत तक मांडू उत्सव और टेंट सिटी दोनों का शुभारंभ कर दिया जाएगा।
मांडू न केवल देश बल्कि विदेशी पर्यटकों के बीच भी खास पहचान रखता है। उत्सव के दौरान यहां कई दिनों तक सांस्कृतिक कार्यक्रम, बैंड परफॉर्मेंस और लाइव कंसर्ट आयोजित किए जाएंगे। मुख्य महोत्सव के बाद भी टेंट सिटी पर्यटकों के लिए खुली रहेगी।
पर्यटकों के लिए जमीन, पानी और हवा में होने वाली कई रोमांचक गतिविधियां भी आयोजित होंगी। इनमें साइक्लिंग, ट्रैकिंग, जंगल सफारी, नाइट जंगल वॉक, जिप लाइन, एयर गन शूटिंग, घुड़सवारी, योग, पैरासेलिंग और हॉट एयर बैलूनिंग प्रमुख हैं।
दोनों उत्सव एक ही एजेंसी को सौंपे
एमपी टूरिज्म बोर्ड ने नर्मदापुरम के तवा जल महोत्सव और मांडू उत्सव—दोनों के आयोजन की जिम्मेदारी एक ही एजेंसी को सौंपी है। यह एजेंसी अगले पांच वर्षों तक इन दोनों स्थलों पर उत्सवों का आयोजन करेगी। चूंकि यह नई एजेंसी का पहला वर्ष है, इसलिए तैयारियों और समन्वय में कुछ समय लग रहा है।
