इंदौर ब्यूरो
कलेक्टर शिवम वर्मा की अध्यक्षता में आज समय-सीमा पत्रों के निराकरण (टीएल) की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन सहित विभिन्न विभागों में लंबित समय-सीमा पत्रों तथा जनसमस्याओं के निराकरण की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
त्योहारों पर मिलावट के खिलाफ अभियान तेज होगा
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि त्योहारों को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के विरुद्ध चल रहे अभियान को और अधिक तेज कर प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने नापतौल विभाग के अधिकारियों को अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

सीएम हेल्पलाइन में लापरवाही पर कार्रवाई
बैठक में कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के साथ निराकरण करें तथा आवेदकों को संतुष्टिपूर्ण समाधान उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने रेंडम रूप से 4 प्रकरणों के निराकरण की भी समीक्षा की।
प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही पाए जाने पर कलेक्टर ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए:
- स्वास्थ्य विभाग के ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर का पांच दिन का वेतन काटने के निर्देश
- परदेशीपुरा अस्पताल के पीएचएम का सात दिन का वेतन काटने के निर्देश
- प्राचार्य शासकीय नवीन महाविद्यालय का तीन दिन का वेतन काटने के निर्देश
- नगर निगम झोन-10 के वार्ड क्रमांक-39 के उपयंत्री का पांच दिन का वेतन काटने के निर्देश
फटाखा दुकान और गोदामों के लिए सख्त निर्देश
बैठक में कलेक्टर ने दीपावली त्योहार को देखते हुए अग्नि सुरक्षा के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फटाखा दुकानों और गोदामों का नियमित और सघन निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए। सभी जगह फायर सेफ्टी के पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि फटाखा दुकान और गोदाम वही व्यक्ति संचालित करें, जिसे लाइसेंस प्राप्त है। लाइसेंसी के अलावा अन्य किसी व्यक्ति द्वारा फटाखा दुकान/गोदाम संचालित करते पाए जाने पर उसका लाइसेंस निरस्त किया जाएगा।
फायर सेफ्टी व्यवस्था का नियमित निरीक्षण
कलेक्टर ने जिले में फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि संवेदनशील एवं सार्वजनिक स्थलों पर फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण किया जाए। जहां आवश्यक अग्नि सुरक्षा प्रबंध नहीं पाए जाएं, वहां संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि अग्नि सुरक्षा मानकों के पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में कलेक्टर ने शासकीय मंदिरों की वर्तमान स्थिति, संधारण एवं संचालन आदि की भी समीक्षा की।
मानव अधिकार आयोग के विशेष प्रतिवेदक से चर्चा
बैठक के प्रारंभ में राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग के विशेष प्रतिवेदक सुभाष चंद्र ने अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि जिले में जल एवं पर्यावरण संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाए। इस संबंध में नागरिकों को जागरूक किया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि महिलाओं, बच्चों और दिव्यांगों को भी उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाए। इसके लिए अधिक से अधिक जागरूकता कार्यक्रम और गतिविधियां संचालित की जाएं।
बैठक में ये अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में अपर कलेक्टर नवजीवन पवार तथा रिंकेश वैश्य, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हिमांशु प्रजापति, वनमंडलाधिकारी सुधाकर सिंह, अपर आयुक्त नगर निगम आकाश सिंह, प्रखर सिंह तथा श्रृंगार श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
फोटो: कलेक्टर शिवम वर्मा (फाइल फोटो)
डिस्क्लेमर: यह खबर उपलब्ध स्रोतों और सत्यापन के आधार पर तैयार की गई है। किसी तथ्य में त्रुटि होने पर सुधार प्रकाशित किया जाएगा।
