इंदौर ब्यूरो
इंदौर के शहीद स्मारक, 15वीं वाहिनी परेड ग्राउंड में 21 अक्टूबर, बुधवार को प्रातः 9 बजे पुलिस स्मृति दिवस परेड का आयोजन किया जाएगा। पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर संतोष कुमार सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों का बलिदान देने वाले शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
शहीदों के नामों का होगा वाचन
कार्यक्रम के दौरान सेनानी, 15वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल, इंदौर द्वारा शहीद पुलिस कर्मचारियों के नामों का वाचन किया जाएगा। इसके पश्चात उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा शहीदों को रीथ अर्पित कर श्रद्धांजलि दी जाएगी।
सलामी शस्त्र और शोक शस्त्र की कार्यवाही
परेड के दौरान सलामी शस्त्र एवं शोक शस्त्र की कार्यवाही संपन्न होगी, जिसमें समस्त पुलिस अधिकारी सेल्यूट करेंगे। कार्यक्रम में परेड पील ऑफ की कार्यवाही भी की जाएगी।
पुलिस स्मृति दिवस का महत्व
पुलिस स्मृति दिवस हर वर्ष 21 अक्टूबर को मनाया जाता है। यह दिन उन वीर पुलिसकर्मियों की याद में समर्पित है, जिन्होंने कर्तव्य पालन के दौरान अपने प्राण न्योछावर कर दिए। 1959 में लद्दाख के हॉट स्प्रिंग में चीनी सैनिकों के हमले में शहीद हुए 10 पुलिसकर्मियों की स्मृति में यह दिवस मनाया जाता है।
फोटो: पुलिस परेड (सांकेतिक चित्र)
डिस्क्लेमर: यह खबर उपलब्ध स्रोतों और सत्यापन के आधार पर तैयार की गई है। किसी तथ्य में त्रुटि होने पर सुधार प्रकाशित किया जाएगा।
