
इन्दौर। नेहरू स्टेडियम में खेली जा रही प्रकाश सोनकर व सुरेश ऐरन स्मृति अखिल भारतीय मोयरा गोल्ड कप फुटबॉल स्पर्धा अपने रोमांचक शिखर पर पहुंच गई है। रविवार को दोपहर 3 बजे से सीआईएसएफ दिल्ली और जीएएनसी मुंबई के बीच खिताबी मुकाबला खेला जाएगा। हजारों दर्शकों की मौजूदगी में होने वाला यह मुकाबला हाईवोल्टेज रहने की उम्मीद है।

सेमीफाइनल में सीआईएसएफ दिल्ली ने यंग हीरोज क्लब बनारस को 1-0 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। मैच का निर्णायक गोल 40वें मिनट में संतोष ने पेनल्टी के जरिए किया। दिल्ली की टीम ने पूरे मैच में बेहतरीन तालमेल और अनुशासित खेल का प्रदर्शन किया।
दूसरे सेमीफाइनल में जीएएनसी मुंबई ने राजस्थान इलेवन जयपुर को अतिरिक्त समय में 3-2 से हराकर दर्शकों को रोमांच से भर दिया। मुंबई के स्टार खिलाड़ी हिमांशु पाटील ने दो शानदार गोल दागकर टीम को जीत दिलाई, वहीं आशीष ने भी एक महत्वपूर्ण गोल किया।
स्पर्धा के दौरान प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री सज्जनसिंह वर्मा, विधायक महेंद्र हार्डिया, विष्णु बिंदल, रमेश मूलचंदानी, संजय लुणावत, जितेंद्र गर्ग, राजेश चौकसे सहित अनेक जनप्रतिनिधि व खेलप्रेमी मौजूद रहे। फाइनल मुकाबले में विजेता टीम को 1 लाख रुपये तथा उपविजेता टीम को मोयरा गोल्ड कप के साथ 50 हजार रुपये की इनामी राशि प्रदान की जाएगी।
