रिपोर्ट –राज वर्मा इंदौर

इंदौर। शहर के भागीरथपुरा क्षेत्र में गंदे पानी से फैली बीमारी की घटना को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल से वरिष्ठ अधिकारियों को इंदौर भेजा है। अपर मुख्य सचिव एवं इंदौर संभाग के प्रभारी अनुपम राजन तथा मुख्यमंत्री कार्यालय के अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई पिछले दो दिनों से शहर में रहकर पूरे घटनाक्रम की बिंदुवार समीक्षा कर रहे हैं और जनप्रतिनिधियों व आम नागरिकों से लगातार संवाद कर रहे हैं।

शनिवार सुबह अनुपम राजन और नीरज मंडलोई ने कलेक्टर शिवम वर्मा, नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल सहित अन्य अधिकारियों के साथ भागीरथपुरा का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पानी की टंकी परिसर स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर पहुंचकर अब तक सामने आए मरीजों की जानकारी ली तथा उनकी मेडिकल हिस्ट्री का अवलोकन किया।
अधिकारियों ने मेडिकल स्टाफ से वर्तमान में उपलब्ध दवाइयों के भंडारण, उपचार व्यवस्था और अन्य गतिविधियों के बारे में संक्षिप्त जानकारी प्राप्त की। इसके साथ ही उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों से सीधे संवाद कर जमीनी स्थिति की समीक्षा की।
सघन दौरे के दौरान क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों को भी देखा गया और रहवासियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं व सुझाव सुने गए। वहीं, दोपहर बाद रेसीडेंसी कोठी में इंदौर के जनप्रतिनिधियों और विधायकों के साथ विभिन्न मुद्दों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक भी आयोजित की जाएगी, जिसमें घटना से जुड़े पहलुओं और आगे की कार्ययोजना पर चर्चा होगी।
